Koderma News: एडुमेटा द आई स्कूल में धूमधाम से मना जन्माष्टमी पर्व

कोडरमा: एडुमेटा द आई स्कूल, कोडरमा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। कोई नटखट कान्हा के रूप में नजर आया, तो कोई राधा के रूप में सजी दिखाई दी। बच्चों की मासूम अदाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
जन्माष्टमी के महत्व और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी बाल लीलाओं से भी बच्चों को परिचित कराया गया। विद्यालय की ओर से बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, प्रेम, मित्रता तथा सत्य और धर्म के संदेश को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। शिक्षकों ने बच्चों को जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक मधु कुमारी के साथ एडमिन श्वेता सरकार तथा शिक्षिकाएं पूनम कुमारी, आरती मंडल और श्रुति गुप्ता मौजूद रहीं। शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जन्माष्टमी समारोह में जस्मिका, रश्मिका, प्रभव, मानवी, कृषु, शिवांगी, अनिका, दिव्यांश, कृतिका, रमीशा, प्रियांश, ईशा, नंदिनी, श्रेयांश, अयांश, रुद्र प्रताप, लुकेश, अद्विका, सक्षम, मानवी, आरांश, अन्वी, विवान और श्रेष्ठ समेत अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और धार्मिक पर्वों की जानकारी देना तथा उनमें संस्कार, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करना है। समारोह के दौरान बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।


