प्रतुल शाहदेव ने गवर्नर द्रौपदी मुर्मू से की भेंट, सौंपा मांग पत्र, छात्रों को राहत देने की मांग

रांची : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से आज रांची विश्वविद्यालय के सीनेट के पूर्व सदस्य प्रतुल शाहदेव ने राज भवन में मुलाकात की। इस क्रम में उन्होंने राज्यपाल को कोरोना काल में विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया। राज्यपाल से उन्होंने यह भी कहा कि बहुत से विद्यार्थी अर्थाभाव में नामांकन नहीं ले पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीपीएल सीटों पर नामांकन की स्थिति वोकेशनल कोर्स में अत्यन्त चिंताजनक है। जबकि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति वोकेशनल कोर्स पर ज्यादा जोर देती है। राज्यपाल महोदया से उन्होंने यह भी कहा कि स्नातकोत्तर के गरीब विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति भी समय पर नहीं मिल पा रहा है। राज्यपाल महोदया से आग्रह किया गया कि जिस तरह विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने कोरोना काल में वोकेशनल कोर्स के फी में 25 प्रतिशत की कमी की है, यह व्यवस्था पूरे राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों पर भी लागू की जाए।

उक्त अवसर पर राज्यपाल महोदया काे उन्होंने संत जेवियर्स कॉलेज, राँची के द्वारा कोरोना काल में फी वृद्धि की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया और आग्रह किया कि कोरोना काल में विद्यार्थियों और अभिभावकों की परिस्थिति को समझते हुए कि वे सामान्य फी देने में भी अभी खुद को असमर्थ पा रहे हैं तो ऐसे समय में शुल्क वृद्धि न्यायसंगत एवं उचित नहीं है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More