गर्भवती पत्नी को परीक्षा दिलाने गोड्डा से ग्वालियर स्कूटी से पहुंचे धनंजय, जेवर गिरवी रख पेट्रोल के लिए जुटाया पैसा

ग्वालियर/गोड्डा : अगर मन में सच्ची चाह हो तो हर राह आसान हो जाती है. ऐसा ही झारखंड के गोड्डा जिले के गंटा गांव के रहने वाले धनंजय कुमार हांसदा व उनकी पत्नी सोनी हेंब्रम ने यह तय किया कि वे स्कूटी से ही ग्वालियर जाएंगे. कैंटीन में काम करने वाले धनंजय लाॅकडाउन में उसके बंद होने पर बेरोजगार हैं. ऐसे मे उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वे गाड़ी रिजर्व कर पत्नी को शिक्षक पात्रता से संबंधित परीक्षा दिलाने 1175 किमी दूर ग्वालियर जाते.
धनंजय के अनुसार, इसमें 25 हजार का खर्च आता. हालांकि धनंजय ने ट्रेन से जाने की योजना बनायी थी, लेकिन उनके जाने से एक-दो दिन पहले ही ग्वालियर जाने वाली ट्रेन बंद हो गयी. ऐसे में उनके पास अपनी स्कूटी ही एकमात्र सहारा थी. धनंजय के पास सारे कागज स्कूटी के दुरुस्त थे. जब उन्होंने स्कूटी से करीब 1200 किमी दूर जाने की बात लोगों को बतायी तो सबसे आश्चर्य जताया और मना किया.
लोगों ने उन्हें समझाया कि तुम्हारी पत्नी गर्भवती है और यह सही फैसला नहीं होगा. लेकिन, धनंजय ने तय किया कि उन्हें पत्नी को लेकर उनकी परीक्षा दिलाने जाना ही होगा, इसके लिए अधिक से अधिक सावधानी बरतनी होगी. बारिश के महीने से परेशानी और बढ गयी. हालांकि ये लोग धूप, बारिश, बाढ व उबड-खाबड़ रास्ते का सामना कर ग्वालियर पहुंच गए.
स्कूटी में पेट्रोल भराने के लिए इनके पास पैसे नहीं थे और न ही ग्वालियर में ठहरने का खर्च. ऐसे में पत्नी का जेवर बंधक रख कर धनंजय ने 10 हजार रुपये कर्ज लिया. तीन प्रतिशत महीने के ब्याज पर कर्ज मिला. इस पैसे से ही वे ग्वालियर पहुंचे. वहंा उनकी पत्नी डिप्लोमा इन एलेंमेंटरी स्कूल एग्जामिनेशन की परीक्षा में शामिल हो रही हैं. वहां ठहरने के लिए डेढ हजार में कमरा किराये पर लिया है. पद्मा कन्या विद्यालय में परीक्षा चल रही है. जब परीक्षा खत्म होगी तो ये लोग स्कूटी से ही 11 सितंबर को वापस झारखंड लौटेंगे.
हालांकि इस बीच मीडिया में यह मामला सामने आने के बाद ग्वालियर के समाजसेवी हर तरह से उनकी मदद के लिए आगे आए हैं और उन्हें वापस सुरक्षित गोड्डा भेजने की भी बात कही है.


