संवाद की अद्भुत क्षमता के लिए याद किये जायेंगे प्रणब दा

पवन कुमार पाण्डेय
लंबे समय तक वेंटिलेटर में रहने के बाद पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का सोमवार को निधन हो गया. हरदम व्यस्त-सा दिखने वाले प्रणब दा को भारतीय राजनीति, समाज, संविधान और संसद की गहरी समझ थी. वह जानते थे कि सरकार चलाने के लिए सभी पक्ष के लोगों से संवाद करना जरूरी है. पांच दशकों तक भारत के राजसत्ता में कई महत्वपूर्ण जिम्मेवारियां संभालने वाले प्रणब में आखिर क्या ऐसी खासियत थी कि कांग्रेस का काम उनके बिना चलता ही नहीं था.
प्रणब मुखर्जी कोई बड़े जननेता मास लीडर नहीं थे, लेकिन ड्राइंग रूम पॉलिटिक्स में उन्हें महारथ हासिल थी. यूपीए सरकार में एक वक्त ऐसा भी आया जब वह दो दर्जन से ज्यादा कमिटियों के वे अध्यक्ष थे. संकट चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, प्रणब मुखर्जी उसे संभाल ही लेते थे. अपनी लंबी राजनीतिक यात्रा में कम-से-कम चार मौके ऐसे आये, जब उन्होंने सरकार को बचाया. संसदीय राजनीति में सहमति बनाने की क्षमता की वजह से वह एक तरह से कांग्रेस के लिए अपरिहार्य बनते गये. चार बड़े मंत्रालय रक्षा, वित्त, विदेश और वाणिज्य मंत्रालय संभालने वाले प्रणब देश के शायद इकलौते ऐसे मंत्री थे जो देश के चार प्रधानमंत्री के कार्यकाल में मंत्री रहे. इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पीवी नरसिंह राव और डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल में उन्होंने विभिन्न मंत्रालय का जिम्मा संभाला. हालांकि बतौर वित्त मंत्री के रूप में उनके कामकाज की आलोचना भी होती रही है.
संसद में पूर्व गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने एक बार कहा था कि कभी-कभी सोचता हूं कि अगर प्रणब दा नहीं होते तो इनकी सरकार क्या करती?
कांग्रेस की राजनीति में एक दौर ऐसा भी आया था, जब खुद को धर्मनिरपेक्ष दिखाने की होड़ थी. वैसे दौर में प्रणब मुखर्जी ने कभी अपनी आस्था को नहीं छुपाया और वह हर साल वीरभूम स्थित अपने पैतृक गांव में दुर्गापूजा मनाने जाते थे. उनकी छवि भद्र मानुष की थी.
राजनीति में उनका आगमन 1969 को हुआ जब वह मिदनापुर लोकसभा क्षेत्र में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में वीके कृष्ण मेनन के लिए काम कर रहे थे. इंदिरा गांधी प्रणब मुखर्जी के काम से काफी प्रभावित हुईं और उन्हें कांग्रेस में काम करने का मौका दिया. वहां से शुरू हुआ सफर राष्ट्रपति और भारत के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न तक पहुंचा.
जब वह राष्ट्रपति बने तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी काफी मधुर संबंध रहे. राष्ट्रपति पद से रिटायर होने के बाद वह आरएसएस के एक कार्यक्रम में भाग लेने गये. उस दौरान उनकी काफी आलोचना हुई, लेकिन इन सबके बावजूद वह धोती और कुर्ता पहनकर आरएसएस के कार्यक्रम में गये और अपनी पूरी बात रखी. यह बात उनके पूरे जीवन में संवाद पर विश्वास करने वाले शख्सियत के रूप में रही. ऐसे वक्त में जब देश की राजनीति में संवाद करने वाले लोगों की संख्या कम है तो प्रणब मुखर्जी जैसे राजनीतिक शख्सियतों की कमी हमेशा महसूस होती है.
(लेखक बीबीएमकेयू कोयलांचल विश्वविद्यालय में जनसंचार के शिक्षक हैं.)


