सोशल मीडिया की ताकत का दिखा असर, दुमका में बिना पुलिस की मदद के परिजनों तक पहुंची गुमशुदा लड़की

झारखंड में मानव तस्करी के अधिक मामलों की वजह से लोग अधिक चिंतित थे
दुमका : सोशल मीडिया सिर्फ महानगरों व बड़े शहरों में ही नहीं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ा असरकारी साबित हो रहा है. सोशल मीडिया की वजह से शुक्रवार को एक 14 वर्षीय गुमशुदा बच्ची सानिया सोरेन अपने परिजनों को मिल गयी. सानिया सोरेने के गुम होने की सूचनाएं सोशल मीडिया पर जामा की विधायक सीता सोरेन व सामाजिक कार्यकर्ता सच्चिदानंद सोरेन सहित कई लोगों ने ट्विटर पर साझा की.

इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे एक के बाद एक कर ट्वीट किया. जल्द ही यह सूचना झारख्ंाड के दुमका जिले व उसके आसपास के इलाकों में कई सामाजिक सरोकार वाले लोगों तक पहुंच गयी. इसके बाद बच्ची को एक जगह दिखने की सूचना मिली जिसके बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया.

बच्ची खिजुरिया के केवटपाड़ा के स्वर्गीय भगलु केवट के घर से बरामद की गयी. बच्ची 24 अगस्त को शिवा केवट को खेत में रोती हुई मिली थी. इसके बाद शिवा केवट ने बच्ची को खाना खिलाया, हालांकि उन्होंने बच्ची से घर का पता पूछा तो वह बता नहीं सकी. इसके बाद उसे भगलु केवट के घर पर रखा गया.


इसके बाद शुक्रवार, 28 अगस्त को बच्ची के घर के बारे में रंजय सोरेन ने जानकारी जुटायी और परिजन को फोन किया. इसके बाद सरवा की मुखिया मंजुलता सोरेन के साथ परिजन बच्ची को लेने पहुंचे और उसे लेकर घर गए. बच्ची के मिले जाने से सबकी खुशी का ठिकाना नहीं था.

बच्ची 24 अगस्त, दिन सोमवार को अपने गांव धतिकबोन, पंचायत सरवा, प्रखंड-जिला दुमका से लापता हो गयी थी. इसके बाद से उसके माता-पिता मकलु मुर्मू व नंदलाल सोरेन परेशान थे और उसकी हर जगह तलाश कर रहे थे.


इस मामले में विधायक सीता सोरेन ने सामाजिक कार्यकर्ता सच्चिदानंद सोरेन को ट्वीट को रिट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग किया था. सीता सोरेन ने अपने ट्वीट में झारखंड में मानव तस्करी के खतरे को देखते हुए उस ओर भी इंगित किया था और सीएम से कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने यह भी लिखा कि सोशल मीडिया की ताकत की वजह से बिना पुलिस की मदद के बच्ची अपने परिजनों तक पहुंच गयी. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह सूचना साझा की उनका आभार प्रकट किया.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More