रांची के अखबार : नीट-जेइइ की परीक्षा रोकने के लिए हेमंत ने केंद्र को लिखा पत्र, फर्जी चेक से राशि ट्रांसफर का भंडाफोड़

रांची : प्रभात खबर ने आज लीड खबर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा केंद्र सरकार को जेइइ-मेन एग्जाम टालने के लिए लिखे गए पत्र को बनाया है. यह परीक्षा एक सितंबर से होनी है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि जनहित में इस परीक्षा को टालना चाहिए. हेमंत ने कहा है की परीक्षा के लिए स्वस्थ, स्वच्छ और मानसिक शांति का वातावरण जरूरी है. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को पत्र लिखा है और कोरोना संकट के दौरान राज्य का हाल बताया है. वहीं, झारखंड सरकार ने वैकल्पिक उपाय भी किए हैं कि अगर परीक्षा नहीं टली तो कैसे उसे आयोजित कराया जाएगा. केंद्र के अनलाॅक 4.0 के गाइडलाइन का भी केंद्र सरकार को इंतजार है. राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने भी कहा है कि केंद्र से परीक्षा स्थगित करने का आग्रह किया है.
वहीं, दिल्ली से एक खबर है कि 150 शिक्षकों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर कहा है कि जेइइ-नीट की परीक्षा टली तो बड़ा नुकसान होगा. केंद्रीय मंत्री निशंक का बयान है कि हर छात्र चाहता है कि परीक्षा हो. राजद नेता तेजप्रताप यादव के अपने पिता लालू प्रसाद यादव से मिलने के लिए पहुंचने की तसवीर अखबार ने पहले पन्ने पर लगायी है. अखबार ने लिखा है कि तेज प्रताप वाहनों का काफिल लेकर लालू प्रसाद से मिलने पहुंचे.
एक खबर है कि धनबाद एसीबी ने गिरिडीह से घुसखोर अधीक्षण अभियंता विभाष चंद्र पाॅल को पकड़ा और उसके घर से 16 लाख रुपये नकद मिले. विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता की पोल उसके घुसखोर सहायक विक्रम सिन्हा ने खोली. एक खबर है कि कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर का कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है और सीमित संख्या में ही दर्शन की अनुमति होगी. गुरुवार को 200 लोगों को पूजा करने का सौभाग्य मिला. संक्षेप में यह खबर है कि मुहर्रम जुलूस की अनुमति देने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया.
हिंदुस्तान ने लीड खबर सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुहर्रम जुलूस को अनुमति नहीं देने को बनाया है. इसका शीर्षक है: कोरोना के कारण मुहर्रम के जुलूस को अनुमति नहीं. सुप्रीम कोर्ट से एक दूसरी खबर है कि एससी-एसटी उपवर्गीकरण के फैसले पर पुनर्विचार की जरूरत है. झारखंड में कोरोना के हाल पर खबर है कि डाॅक्टर सहित 10 मरीजों की मौत हो गयी है और 1365 नए संक्रमित मिले हैं. हेमंत सोरेन द्वारा नीट-जेइइ स्थगित करने के लिए लिखे गए पत्र की खबर को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है. अखबार ने टाॅप बाॅक्स खबर दी है: फर्जी चेक से 56 करोड़ की निकासी की साजिश नाकाम. उत्तरप्रदेश के मनरेगा के बैंक खाते से एक फर्जी एनजीओ में 56.42 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने की साजिश रांची पुलिस ने नाकाम कर दी.


