रांची के अखबार : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता व सुदेश महतो कोरोना से संक्रमित, बीएयू को मिला नया कुलपति

Jharkhand Health Minister Banna Gupta Corona Positive
रांची : प्रभात खबर ने आज पहले पन्ने पर लीड खबर दी है कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता व आजसू अध्यक्ष व सिल्ली के विधायक सुदेश महतो कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं. बन्ना गुप्ता सुबह रैपिड एंटीजेन टेस्ट कराया था जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आयी थी और फिर शाम में आरटीपीसीआर से जांच करायी जो पाॅजिटिव आयी. इसके बाद रात में उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया. इस बीच वे शाम चार बजे वे कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए. इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व दूसरे मंत्री थे. बन्ना गुप्ता के निजी सहायक व बाॅडीगार्ड भी संक्रमित पाए गए हैं.
वही, आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने हल्का बुखार व खांसी की शिकायत के बाद कोरोना जांच करायी जो पाॅजिटिव आयी. उन्हें रात साढे ग्यारह बजे रिम्स में भर्ती कराया गया, उनकी पत्नी व बच्चे की भी जांच करायी गयी है जिसकी रिपोर्ट आज आएगी. मंगलवार को राज्य में पहली बार 1266 कोरोना के मामले मिले.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड बिजली के मामले में आत्मनिर्भर होगा. उन्होंने यह बात छह ग्रिड सब स्टेशन व ट्रांसमिशन लाइन के उदघाटन के बाद कही. राज्य में 616 करोड़ की लागत से छह परियोजनाएं तैयार की गयी हैं. रांची में इस बार मुहर्रम जुलूस नहीं निकाला जाएगा. इसके लिए सेंट्रल मुहर्रम कमेटी गाइडलाइन जारी करेगी.
एक खबर है कि डाॅ ओंकानाथ सिंह बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बनाए गए हैं. तीन साल के उनकी नियुक्ति हुई है और सर्च कमेटी की अनुशंसा पर राज्यपाल ने उनके नाम पर मुहर लगायी है. वहीं, जमशेदपुर से यह खबर भी है कि तीरंदाजी कोच धर्मेंद्र तिवारी को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा. उन्होंने दीपिका कुमार, अतनु दास आदि को प्रशिक्षण दिया है. एक खबर है कि पीएम केयर फंड की राशि एनडीआरएफ में ट्रांसफर नही ंहो सकती है. सुप्रीम अदालत ने ऐसा निर्देश केंद्र सरकार को देने से इनकार कर दिया. यह खबर भी है कि झारखंड में यूरिया की मांग बढ गयी है और केंद्र सरकार से इसके लिए तत्काल मदद मांगी गयी है.
हिंदुस्तान ने लीड खबर दी है कि झारखंड में अभ्रक का खनन दोबारा शुरू होगा. मंगलवार को खनन सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर जल्द कार्ययोजना बनाने का निर्णय लिया गया. वहीं, चार बाॅक्साइट व ग्रेनाइट खदानों की नीलामी होगी. यह खबर भी है कि सात लौह अयस्क क्षेत्र सरकारी उपक्रमों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं. बन्ना गुप्ता व सुदेश महतो के कोरोना संक्रमित पाए जाने की खबर को अखबार ने दूसरी प्राथमिकता दी है.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पीएम कोयर्स फंड पूरी तरह वैध है और उसकी राशि के एनडीआरएफ में ट्रांसफर का आदेश देने से इनकार कर दिया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छह ग्रिड सब स्टेशन का उदघाटन करने के बाद कहा है कि अब डीवीसी से महंगी बिजली नहीं लेनी होगी.
अखबार ने बाॅटम में एक खबर दी है कि मौसमी बीमारी ने कोरोना संक्रमण का खतरा बढा दिया है. अखबार ने लिखा है मलेरिया व डेंगू फैलने से कोरोना की स्थिति भयावह होगी.


