चुनावी चिंताओं की वजह से श्याम रजक ने तेजस्वी से बढायी नजदीकी, राजद में हुए शामिल

Shyam Rajak Join RJD

पटना : बिहार की राजनीति के प्रमुख दलित चेहरा श्याम रजक (Shyam Rajak) सोमवार को लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए. उन्हें तेजस्वी यादव ने राजद में शामिल कराया. कल ही श्याम रजक को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने पार्टी से निलंबित कर दिया था, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से सिफारिश कर कैबिनेट से बाहर कर दिया था.


श्याम रजक ने जदयू छोड़ने के साथ ही कानून व्यवस्था का हवाला देकर नीतीश कुमार पर हमला बोला. रजक ने यह भी कहा कि जदयू में उनके दस साल बर्बाद हो गए. श्याम रजक ने कहा कि उनके नेता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें गरीबों, वंचित, दलितो,ं पिछड़ों व अगड़ों के गरीबों के लिए लड़ना सिखाया और वे उसी के अनुरूप काम करते रहे.

तेजस्वी यादव ने श्याम रजक को राजद में शामिल करवाने के बाद कहा कि वे अपने पुराने और असली घर में आ गए. तेजस्वी ने कहा कि श्याम रजक का धर्मनिरपेक्षता में हमेशा विश्वास गहरा रहा. श्याम रजक ने राजद ज्वाइन करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात भी की.

श्याम रजक पटना की फुलवारी शरीफ सीट से वर्तमान में विधायक हैं और इस बात की संभावना थी कि पार्टी इस बार उन्हें वहां से उम्मीदवार नहीं बनाएगी. वह सीट शेयरिंग में भाजपा के खाते जा सकती है. दूसरी बात यह कि अगर उन्हें वहां से टिकट मिलता तो भाजपा से गठबंधन के कारण मुसलिम बहुल सीट पर उन्हें नुकसान हो सकता था.

ऐसे में उन्होंने पाला बदलना उचित समझा. उन्हें मसौढी से भी चुनाव लड़ाए जाने की चर्चा है. जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि जदयू में रहते हुए भी वे रात में तेजस्वी यादव से मिलने जाया करते थे. उन्होंने कहा कि वे जहां रहें खुश रहें और कोरोना से मुक्त रहें.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More