राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट की दूसरी बैठक संपन्न, मंदिर निर्माण की तारीख का एलान फिलहाल टला

अयोध्या : राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शनिवार को दूसरी बैठक अयोध्या के सर्किट हाउस में संपन्न हुई. इस बैठक में कोरोना संकट के परिप्रेक्ष्य में मंदिर निर्माण के विभिन्न पक्ष पर चर्चा हुई. बैठक के बाद ट्रस्ट के सदस्य चंपत राय ने बयान जारी कर स्थिति बताया.

चंपत राय ने कहा कि देश की परिस्थितियों, देश की सीमाओं की परिस्थितियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय समग्र चिंतन करेगा, लेकिन हमने उन्हें तारीख बतायी है, उनकी जब सहमति आएगी तो पता चला जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब आएंगे तो प्रशासन को कम से कम 15 दिन का समय उसके लिए चाहिए. इसलिए आठ-दस दिन पहले समाचार आ जाएगा और वो तत्काल आपको जानकारी में दी जाएगी.


चंपत राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्वयं महंत नृत्य गोपाल दास ने निवेदन किया है, जिस पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय को करना है. इसके बाद राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की तारीख का पता चल सकेगा. चंपत राय ने कहा है निर्माण कार्य आरंभ होने पर तीन से साढे तीन साल में मंदिर निर्माण पूरा हो जाएगा.

वहीं, राजम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के कामेश्वर चैपाल ने कहा कि हमने राम मंदिर की नींव रखने की दो तारीखें तीन अगस्त या पांच अगस्त को चुनने के लिए प्रधानमंत्री को भेजी है, उन्हें जो दिन उचित लगेगा उस दिन से यह कार्य शुरू होगा.

ट्रस्ट की बैठक में राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र के साथ 12 सदस्य शामिल हुए और कुछ चार ट्रस्टी वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़े. इस बैठक में राम जन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार केके शर्मा भी शामिल हुए.

बैठक पहले अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर में होनी थी, लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए स्थान परिवर्तन करना पड़ा. चंपत राय ने बताया कि बैठक में 11 ट्रस्टी यहां उपस्थित थे, चार ट्रस्टी वीडियो कान्फ्रेंसिंग पर लगातार तीन घंटे बैठे रहे. उडुप्पी के पेजावर मठ के जगतगुरु मथुराचार्य व कुछ अन्य सदस्य चातुर्मास के कारण अपने स्थान पर थे.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More