रांची के अखबार : झारखंड में 24 घंटे में कोरोना से छह की मौत, हेमंत बोले – अब प्रखंडों में होगी कोरोना की जांच

प्रभात खबर ने पहले पन्ने पर लीड खबर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान को बनाया है. खबर का शीर्षक है: प्रखंडों में होगी कोरोना की जांच, खुलेगा कंट्रोल रूम. मुख्यमंत्री सोरेन गुरुवार को होम क्वारंटीन से निकल कर पहली बार मंत्रालय पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण के अधिक आंकड़े मिलने में आश्चर्य नही माना जाना चाहिए, क्योंकि जांच के दायरे बढे हैं. वहीं, यह खबर है कि कोरोना से झारखंड में छह और लोगों की मौत हो गयी और 239 नए संक्रमित मिले हैं. वहीं, देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गयी है. कतरास से खबर है कि एक कोरोना ग्रस्त परिवार के पांचवें सदस्य की इस बीमारी से मौत हो गयी.
एक खबर है कि अब गैर मजरूआ मालिक जमीन की कटेगी रसीद. इसके लिए तारीख एक जनवरी 1946 के पूर्व रखी गयी है. यह खबर है कि झारखंड में प्रसव के दौरान होने वाली मौतों में कमी आयी है. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि रांची में 280 बेड का सीसीएच यानी कोविड केयर अस्पताल बन रहा है. इनका निर्माण सर्ड, मेगा स्किल सेंटर व टाना भगत अतिथि केंद्र में हो रहा है. साथ ही रांची स्टेशन पर ट्रेनों की बोगी में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर भी लगेंगे. आइसीएमआर के सेरो सर्वे के हवाले से खबर है कि राज्य में अभी कम्युनिटी संक्रमण का खतरा नहीं है, लेकिन आबादी के बड़े हिस्से में संक्रमण का खतरा है. रिम्स में अब सिर्फ गंभीर रोगों व इरमजेंसी मरीजों का आपरेशन होगा.
हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है : कोरोना का कहर तेज, छह और ने तोड़ा दम. गोड़डा के पोड़ैयाहाट से अंधविश्वास की एक खबर है कि शैतान भगाने के चक्कर में पति को पीट पीट कर मार डाला. बच्चों ने राज बताया तो पत्नी को गिरफ्तार कर लिया. उस महिला ने पति पर लाठियों से यह कह कर लगातार वार किया था कि शैतान भाग जाओ नहीं तो मार देंगे. उसे संदेह था कि उसके पति पर शैतान का साया है.
यह खबर है कि भारत एवं चीन की सेना पीछे हटने पर सहमत हैं. इंटर की परीक्षा के नतीजे आज जारी होंगे. ट्विटर की हैकिंग पर अखबार ने खबर दी है कि सबसे बड़ी हैकिंग के शिकार हुए ओबामा, गेट्स व बेजोस. अमेरिका के कई बड़े कारोबारियों, नेताओं व सेलिब्रिटी का ट्विटर एकाउंट बिटक्वाइन स्कैम के लिए हैक कर लिया गया. पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव को अब राजनयिक मदद मिल सकेगी. राजस्थान का राजनीतिक विवाद अब कोर्ट पहुंच गया है. पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने स्पीकर के विधानसभा सदस्यता से अयोग्य ठहराये जाने संबंधी नोटिस को अदालत में चुनौती दी है. सीबीएसइ 12 की काॅपियों के फिर से मूल्यांकन के लिए आज से 22 जुलाई तक आॅनलाइन आवेदन दिया जा सकेगा.


