रांची के अखबार : हाइकोर्ट ने कहा सख्ती से लागू करें लाॅकडाउन नियम, नियोजन नीति पर भी मांगा जवाब, अन्य खबरें

प्रभात खबर ने आज पहले पन्ने पर दो खबरों को समानांतर छापा है. एक कानपुर के गुंडा विकास दुबे का इनकाउंटर और दूसरा सीआइएससीइ द्वारा जारी किया गया दसवीं बोर्ड का रिजल्ट. विकास दुबे की खबर का शीर्षक है: एनकाउंटर के साथ राज दफन, मारा गया विकास. वहीं, सीआइएससीइ के रिजल्ट की खबर का शीर्षक है: अद्रिका को मिले 99.4 प्रतितशत अंक, बनी दसवीं की स्टेट टाॅपर. अद्रिका घोष जमशेदपुर की रहने वाली हैं. दसवीं की टाॅप टेन सूची में 58 विद्यार्थी हैं, जिसमें 31 छात्राएं हैं. अखबार ने रांची के राजस्थान कलेवालय के संचालक के छोटे बेटे कौशल शर्मा की आत्महत्या की खबर दी है. कौशल ने सूसाइड नोट में लिखा है कि मेरी मौत का मै जिम्मेदार.

अंदर के पन्ने पर खबर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज कोरोना टेस्ट हो सकता है. वहीं, एक खबर है कि डाकिया का लड्डू खाना रांची में महंगा पड़ा है. अधिकारी कोरोना संक्रमित मिले और जीपीओ इसके बाद सील कर दिया गया.

अखबार के कवर पेज दो पर लीड झारखंड हाइकोर्ट का वह निर्देश है कि लाॅकडाउन नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए. अदालत ने विभिन्न याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा कि जज हो मंत्री हो विधायक हो या कोई अधिकारी लाॅकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन कराएं. सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि राज्य के पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के यहां पार्टी में नियमों का पालन नहीं किया गया. मुख्य सचिव ने सभी डीसी को लाॅकडाउन नियमों का सख्ती से पालन कराने का आदेश दिया है और अभी कोई नयी छूट नहीं मिलेगी.

अखबार ने यह खबर भी दी है कि झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार देश से आगे है और 156 नए संक्रमित मिले हैं. कोविड19 के गाइडलाइन के उल्लंघन के आरोप में रांची जिला प्रशासन ने 32 दुकानों को बंद करा दिया है. एक खबर है कि कोल इंडिया और आइडीबीआइ बैंक में अपना हिस्सा केंद्र सरकार बेचेगी. वहीं, रातू में आधी रात में बदमाशों ने एक घर में घुस कर बच्ची को कब्जे में लेकर उपद्रव किया. रांची के बालूमाथ में कोयला तस्करी की जांच रिपोर्ट एसपी ने डीजीपी को भेजी है. इस खबर का शीर्षक है: कोयला तस्करी में सीसीएल व पुलिस अफसर शामिल, हुआ करोड़ों का खेल.

हिंदुस्तान ने टाॅप में विकास दुबे की खबर देते हुए शीर्षक दिया है : आतंक का अंत, गैंगस्टर विकास दुबे इनकाउंटर में ढेर. आइसीएसइ रिजल्ट की खबर का शीर्षक है: दसवीं में आद्रिका, 12वीं में आयुष-ऐश्वर्या स्टेट टाॅपर. अखबार ने कोरोना वायरस पर झारखंड हाइकोर्ट में सुनवाई को लीड खबर बनाया है. शीर्षक है: स्थिति गंभीर, लाॅकडाउन में सख्ती बढाएं: हाइकोर्ट. अखबार ने यह खबर दी है कि मुख्यंत्री हेमंत सोरेन सहित कई अफसरों की आज कोरोना जांच करायी जाएगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पिछले दिनों मंत्री मिथिलेश ठाकुर के घर पर एक पार्टी में शामिल हुए थे. ठाकुर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद सीएम खुद क्वारंटीन हो गए. अखबार ने एक खबर दी है कि बफर जोन में भारत एवं चीन की संयुक्त गश्ती संभव हो सकती है. बहरागोड़ा से खबर है कि ट्रेलर से टकराई कार, पांच की मौत. कार में सवार लोग यूपी के फतेहपुर से बंगाल के हल्दिया जा रहे थे. एक अहम खबर है कि राज्य की नियोजन नीति को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर झारखंड हाइकोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है. यचिका में कहा गया है कि सरकार की नियोजन नीति असंवैधानिक व समानता की नीति के खिलाफ है. सरकार को अगले हफ्ते अपना पक्ष रखने को कहा गया है. पाकिस्तान की ओर से गोले दागे जाने से एक जवान शहीद होने की खबर भी है.

दैनिक जागरण की लीड खबर की हेडिंग है : मुठभेड़ में गैंगस्टर विकास दुबे का काम तमाम. आइसीएसइ के रिजल्ट को अखबार ने शीर्षक दिया है: छा गयीं बेटियां. वहीं, झारखंड हाइकोर्ट ने राज्य सरकार से कहा है कि लाॅकडाउन लागू करने में सख्ती बरतें, जो नियम नहीं मानते हैं उन पर कार्रवाई करें. अखबार ने खबर दी है कि झामुमो के कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल पद से हटा दिए गए हैं.

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More