रांची के अखबार : श्रावणी मेले के आयोजन पर फैसला तीन को, सरकारी स्कूल वाले को ही सरकारी नौकरी!

प्रभात खबर ने खबर दी है कि देवघर में श्रावणी मेले के आयोजन की मांग वाली सांसद निशिकांत दुबे की याचिका पर झारखंड हाइकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गयी और अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया. इस मामले में अब तीन जुलाई को फैसला आएगा. मामले में केंद्र व बिहार सरकार ने भी पक्ष रखा. झारखंड सरकार की ओर से कहा गया कि कोरोना काल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को जुटने के कारण सामुदायिक संक्रमण का खतरा है.
अखबार ने एक दूसरी खबर दी है कि कोडरमा व चतरा जिले में हुए कृषि घोटाले की जांच 10 साल में भी पूरी नहीं हुई. इस मामले में तत्कालीन राजद विधायक अन्नपूर्णा देवी ने शिकायत की थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के हवाले से खबर है कि छठ तक मुफ्त अनाज मिलेगा. अखबर ने तीरंदाज दीपिका कुमार के अतनु दास से विवाद की तसवीर पहले पन्ने पर छापी है.
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा है कि राज्य सरकार एक कठोर फैसला लेने पर विचार कर रही है, इसके तहत सरकारी स्कूल में पढने वालों की ही सरकारी नौकरी दी जाएगी. शिक्षकों को 95 प्रतिशत तक गैर शैक्षणिक कार्य से अलग रखा जाएगा. झारखंड सरकार ने डीवीसी से कहा है कि पैसे की कमी है इसलिए बिजली न काटें.
एक खबर है कि राज्य में 50 नए संक्रमित मिले हैं, इसमें सबसे अधिक 25 सरायकेला के हैं.
एक खबर है कि एसएआर कोर्ट में दस्तावेज से छेड़छाड़ होता रहा और फर्जी आदेश जारी होता रहा. इस मामले में हाइकोर्ट ने डीजीपी को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया.
हिंदुस्तान ने प्रधानमंत्री मोदी के एलान को बड़ी खबर बनाया है कि नवंबर तक 80 करोड़ गरीब लोगों को हर माह मुफ्त राशन मिलेगा. रांची से एक अहम खबर है कि बीपी व शुगर के मरीजों को अभी दफ्तर आने से छूट रहेगी.


