रांची के अखबार: साहिबगंज के अगवा कारोबारी को अपराधियों ने 30 लाख नहीं मिलने पर मार डाला, अन्य खबरें

प्रभात खबर ने पहले पन्ने पर लीड स्टोरी दी है: घट रहा संक्रमण, सतर्क रहें तो जल्द कोरोना मुक्त होगा झारखंड. अखबार ने लिखा है कि 16 दिनों में ठीक होने वालों की संख्या दोगुणा बढी है. झारखंड में दो सप्ताह में 648 नए कोरोना संक्रमित मिले जबकि स्वस्थ होकर 1039 घर गए. अखबार ने कल 23 नए संक्रमित मिलने एवं 69 के स्वस्थ होकर घर जाने की खबर भी दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में कहा है कि भारत की ओर आंख उठाने वालों को हमें जवाब देना आता है. अखबार ने एक खबर दी है कि सोशल मीडिया पर सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बन गए हैं. अखबार ने लिखा है कि हेमंत सोरेन के 13 गुणा फोलोवर्स सोशल मीडिया पर बढ गए हैं.

अखबार ने अपने कवर पेज 2 पर साहिबगंज से अपहृत किए गए व्यापारी के बारे में खबर दी है, जिनकी हत्या कर दी गयी. इसका शीर्षक है: अपराधियों ने एक दिन पहले फोन कर कहा, फिरौती की रकम नहीं दी तो अरुण को मार देंगे, सच में मार दिया. 27 जून को 30 लाख की फिरौती मांगी गयी थी. दो गोली मुंह में और एक पीठ में मारी. अपराधियों व परिजनों के बीच हुई बातचीत का आडियो भी वायरल हुआ है.

अखबार ने कागज पर की गयी स्ट्राबेरी की खेती की खबर छापी है यानी भ्रष्टाचार का जिक्र है. उधर, झामुमो ने कहा है कि रघुवर सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खुल रही है.

एक खबर है कि आल इंडिया फुटबाॅल फेडरेशन ने कहा है कि रांची में महिला फुटबाॅलरों का कैंप नहीं लगेगा. यह खबर अगले साल फरवरी में होने वाले अंडर 17 फीफा फुटबाॅल कप से संबंधित है.

हिंदुस्तान ने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम के संबोधन को लीड स्टोरी बनाया है और इसका शीर्षक है आंख उठाने वालों को करारा जवाब मिला है. पीएम मोदी ने कहा है कि भारत मित्रता निभाना जानता है और जवाब देना भी. दिल्ली से एक खबर है कि एसी ट्रेन में संक्रमण से बचाएगी ताजी हवा. साहिबगंज से यह खबर है कि पुलिस से मुठभेड़ के बाद अगवा कारोबारी अरुण साहा की अपराधियों ने हत्या कर दी. नामकुम के एक 10 साल के बच्चे का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने की खबर को प्रमुखता से अखबार ने दिया है. संक्षेप में यह खबर है कि सोना की कीमत फिर बढी है और बिहार में बारिश से बाढ का खतरा बढ गया है.

दैनिक जागरण ने साहिबगंज के अगवा कारोबारी की हत्या को लीड खबर बनाया है और शीर्षक दिया है: 30 लाख फिरौती नहीं मिली तो अगवा कारोबारी की कर दी हत्या. शनिवार को दिन में एएसआइ को गोली मारी, रात में अरुण शाह को मार डाला. राज्य में कोरोना से एक और मौत होने की खबर अखबार ने दी है. साहिबगंज के 68 वर्षीय मरीज की रांची के मेडिका में मौत हो गयी. पूर्व डीजीपी डीके पांडेय, उनकी पत्नी व बेटे को बहू द्वारा दर्ज कराए गए दहेज प्रताड़ना के मामले में पुलिस नोटिस भेजेगी. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More