पतंजलि को कोरोना का नहीं सर्दी-खांसी व इम्युनिटी का लाइसेंस मिला है : उत्तराखंड आयुर्वेद विभाग

देहरादून : उत्तराखंड के आयुर्वेद विभाग से सर्दी खांसी व इम्युनिटी बढाने वाली दवा का लाइसेंस प्राप्त करने वाले बाबा रामदेव व उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण की कंपनी पतंजलि ने कोरोना वायरस की दवा लांच कर दी. अब इस मामले में मीडिया में छपी खबरों पर उत्तराखंड सरकार ने संज्ञान लिया है और आयुर्वेद विभाग ने पतंजलि को लाइसेंस जारी किया है.

उत्तराखंड आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक यतेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि पतंजलि आयुर्वेद को इम्युनिटी बूस्टर व खांसी सर्दी की दवा का लाइसेंस जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि मीडिया में आयी खबरों से ही उन्हें यह पता चला है कि रामदेव की कंपनी ने कोरोना वायरस की दवा लांच की है, जबकि केंद्र के आयुष मंत्रालय के निर्देश के अनुसार उसकी मंजूरी के बिना ऐसा नहीं किया जा सकता है.

कल बाबा रामदेव एवं बालकृष्ण ने कोरोना की दवा कोरोनिल लांच की थी. इसके साथ ही एक किट भी जारी किया था. इसे कोरोना किट का नाम दिया गया था. कल इसे लांच करने के बाद बाबा रामदेव दिन भर विभिन्न चैनलों को इंटरव्यू देने में व्यस्त रहे. हालांकि शाम होते-होते आयुष मंत्रालय ने पतंजलि को नोटिस भेज कर कहा कि इस दवा का वह प्रचार-प्रसार रोके और यह स्पष्ट करे कि आखिर यह कोरोना वायरस से लड़ने में कैसे कारगर है. आयुष मंत्रालय के इस दावे के बाद बालकृष्ण ने एक ट्वीट कर कहा था कि कम्युनिकेशन गैप की वजह से यह स्थिति बनी थी और इस मामले में आगे प्रगति हो गयी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More