पटना में कोरोना मरीज ने तनाव में आकर कर ली आत्महत्या, मौत के बाद रिपोर्ट आयी निगेटिव

पटना : पटना में एक कोरोना मरीज ने सोमवार को आत्महत्या कर ली. 38 वर्षीय युवक दिल्ली में रेलवे में लोको पायलट था. वह पटना के खगौल के चिकटोली का रहने वाला था. उसके द्वारा आत्महत्या के किए जाने के कुछ घंटे बाद ही उसकी नई कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी.

वह युवक कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा था और तबीयत बिगड़ने के बाद उसे 15 जून को पटना के एम्स में भर्ती कराया गया था. वह काफी तनाव में था और सोमवार को दोपहर बाद उसने आइसोलेशन वार्ड में खुद को बंद कर लिया और पंखा से लटक कर आत्महत्या कर ली.

एम्स, पटना में कोरोना के नोडल अधिकारी डाॅ संजीव कुमार ने बताया कि युवक ने खुद को आइसोलेशन वार्ड में बंद कर आत्महत्या कर ली, उसकी कोरोना रिपोर्ट सोमवार को निगेटिव आयी.

युवक 14 जून को दिल्ली से पटना लौटा था. उसे सदी-खांसी व सांस लेने में तकलीफ थी. 15 जून को एम्स में भर्ती कराए जाने के बाद उसके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा था. फिर भी वह काफी परेशान व तनाव में रहता था. डाॅक्टर ने उसे अवसाद से निकालने के लिए कई बार उसकी काउंसिलिंग की.

डाॅक्टरों के अनुसार, उसके स्वास्थ्य में तेज सुधार हो रहा था, हालांकि वह डायबिटिज से पीड़ित था. रविवार को उसकी दूसरी बार सैंपल ली गयी थी, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को उसकी मौत के बाद आयी जो निगेटिव निकली.

कोरोना को लेकर तनाव में आने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. कई ऐसे मामले आए हैं जिसमें कोरोना के भय से आत्महत्या कर लिए जाने के मामले आए.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More