पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा कर्नाटक से लड़ेंगे राज्यसभा चुनाव, कांग्रेस करेगी समर्थन

बेंगलुरु : पूर्व प्रधानमंत्री व जनता दल सेकुलर के अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे. इसकी घोषणा उनके पुत्र एचडी कुमारस्वामी ने की. उन्होंने कहा कि एचडी देवेगौड़ा ने हमारी पार्टी के विधायकों, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई अन्य नेताओं के अनुरोध पर राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को वे नामांकन दाखिल करेंगे.

उधर, कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है, हम स्पष्ट करते हैं कि हम राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा के किसी तीसरे उम्मीदवार को नहीं चाहते हैं. हमारी नेता सोनिया गांधी इस पर विचार करेंगी. उनसे यह सवाल पूछा गया था कि क्या पार्टी राज्यसभा चुनाव में एचडी देवगौड़ा के नामांकन का समर्थन करेगी.


उल्लेखनीय है कि भाजपा ने कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव की 4 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए आज दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है. इसमें पार्टी ने इरन्ना कडाडी व अशोक गस्ती को उम्मीदवार बनाया है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More