रांची के अखबार : बिहार के बाद झारखंड में भी शुरू हुई कोरोना माई की पूजा, एक दिन में 93 पाॅजिटिव मिले, अन्य खबरें

प्रभात खबर ने आज पेज – 1 पर लीड खबर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपायुक्तों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग को बनाया है. मुख्यमंत्री के हवाले से इसका शीर्षक है: कोई महिला शराब नहीं बेचेगी, सभी को देंगे रोजगार. सीएम ने कहा है कि भूख से किसी की मौत न हो, अगर होती है तो यह शर्मनाक के साथ दर्दनाक भी होगा. प्रवासी श्रमिकों के मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र व राज्यों से कहा है कि 15 दिनों में सभी श्रमिकों को उनके घर पहुंचाया जाए. इसके साथ ही उनका डाटा तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है. रांची से एक खबर है कि हथियार प्लांट पर छापामारी करायी, मुखबिर गिरफ्तार. इस मामले में आतंकवादी होने की गलत सूचना पर 12 लोग धरे गए थे. गढवा से एक खबर है कि धर्म बदलकर शादी की, आठ साल बाद जागे धर्म के ठेकेदार, दोनों बच्चे छिन लिए.

अखबार के कवर पेज दो पर खबर है: कोरोना से जंग पर अंधविश्वास भारी, हो रही कोरोना माई की पूजा. कोरोना से डरे लोग खोज रहे हैं कोरोना से उबारने वाला नया अवतार. पलामू, गढवा, डालटनगंज से लेकर रांची तक कोरोना माई की पूजा हो रही है. झारखंड में एक दिन में सबसे अधिक 93 कोरोना मामले मिले हैं. इसमें सिमडेगा में 30, हजारीबाग में 24 और पूर्वी सिंहभूम में 15 मरीज शामिल हैं. एक की मौत भी कोरोना से हुई है. झारखंड हाइकोर्ट ने पूछा है कि ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना से निबटने की क्या तैयारी है. एक खबर है कि पाकिस्तान में छिपे अंडरवल्र्ड डाॅन दाउद इब्राहिम व उसकी पत्नी कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं.

हिंदुस्तान ने लीड खबर दी है : झारखंड में 93 नए मरीज मिले, एक की मौत. दिल्ली से दावा वाली एक खबर है कि सितंबर तक कोरोना खत्म हो सकता है. स्वास्थ्य मंत्रालय के दो विशेषज्ञों ने शोध के आधार पर यह दावा किया है. मुख्यमंत्री का निर्देश है कि श्रमिक के रोजगार में तेजी लाएं. सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश को अखबार ने प्रमुखता से जगह दी है कि 15 दिन में श्रमिकों को उनके घर पहुंचाया जाए. रांची से एक खबर है कि अब शादी समारोह के लिए सरकार से अनुमति लेना आवश्यक नहीं है. केंद्रीय वित्त मंत्रालय का आदेश है कि मार्च 2021 तक अब नयी योजना नहीं लेनी है. यह खबर है कि जुलाई से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कुछ नियमों के साथ शुरू करने की योजना है. अगर क्रिकेटर संक्रमित हुआ तो कोरोना विकल्प खेलेगा.

दैनिक भास्कर की लीड खबर है : कोरोना अनलाॅक, एक दिन में 93 केस, नौवीं मौत. सिमडेगा के 70 वर्षीय मरीज की रिम्स में मौत हो गयी. सिमडेगा में एक दिन में 30 मरीज मिले. अखबार ने लिखा है कि देश से दोगुणी रफ्तार से झारखंड में बढ रहा कोरोना. देश में उसका ग्रोथ रेट 4.58 प्रतिशत है, जबकि झारखंड मे ं8.47 है. यह खबर है कि झारखंड में 11 या 12 को मानसून पहुंचेगा और उसके एक दिन पहले पूरे राज्य में बारिश होगी. दो दिन में उसके बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है. एक खबर है कि पुरी में भगवान जगन्नाथ 15 दिन क्वारंटाइन गए, 284 साल में पहली बार रथयात्रा में श्रद्धालु नहीं होंगे. एक खबर है कि ट्रांशमिशन लाइन में बड़े फाल्ट से गुल हुई बिजली अब एक घंटे में हो जाएगी बहाल.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More