#Video: पाकुड़ में क्वरंटाइन सेंटर का हाल : पानी में कीड़ा, साथ रखे जा रहे पुराने व नए लोग, विरोध में प्रदर्शन

क्वरंटाइन सेंटर की कुव्यवस्था से परेशान हैं मजदूर
पाकुड़ : कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रवासी मजदूरों को क्वारंटाइन केंद्रों में रखा जा रहा है। झारखंड के प्रत्येक जिलों में प्रशासन ने क्वारंटाइन सेंटर बनाए हैं। यहां बड़ी संख्या में बाहर से आ रहे लोगों को कोरोना के खतरे के मद्देेनजर क्वारंटाइन कर रखा जा रहा है। कहीं इन्हें अच्छी सुविधा मिल रही है तो कहीं खाने-पीने के लिए भी इन्हें गुहार लगानी पड़ रही है। घर से दूर कोरोना संदिग्ध एक कमरे में बंद होकर रह गए हैं। इस स्थिति में इन्हें मानसिक तनाव भी हो रहा है। वहीं एक मामला पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सोलागड़ीया स्थित प्राथमिक विद्यालय सोलागड़ीया के क्वॉरेंटाइन शिविर का है, जहां विभिन्न राज्यों से आए हुए प्रवासी मजदूरों को एक साथ रखा गया है। बुधवार की सुबह इन सभी क्वॉरेंटाइन शिविर में रहने वाले लोगों ने शिविर के अंदर की बदहाल व्यवस्था, निम्न स्तर के भोजन एवं कई मूलभूत समस्याओं को लेकर शिकायत की। शिकायत के दौरान विद्यालय क्वॉरंटाइन सेंटर से निकलकर विद्यालय के गेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इन लोगों का आरोप है उन्हें काफी निम्न स्तर का भोजन के साथ-साथ काफी कम भोजन दिया जाता है। वहीं शिविर के अंदर किसी भी तरह की व्यवस्था प्रशासन की ओर से नहीं की गयी है। उन्होंने बताया कई लोग इस सेंटर में रह रहे 3 दिन से भी ऊपर हो चुके हैं लेकिन ना तो उनकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है न ही उन लोगों का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया है। क्वॉरंटाइन सेंटर के अंदर संक्रमण का खतरा पूरी तरह से बना हुआ है। उन्होंने बताया नए लोगों को भी जो कई दिनों से उस शिविर में रह रहे हैं उनके साथ रखा जा रहा है। इसके कारण शिविर में रह रहे लोगों ने कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरा के प्रति आशंका बढ़ रही है। आज इन सभी विषयों को लेकर इन लोगों ने क्वॉरंटाइन सेंटर परिसर से निकलकर प्रशासन की बदहाली की व्यवस्था बयान की।
न मास्क, न सेनेटाइजर, पीने के पानी में कीड़ा
इस दौरान प्रवासी मजदूर बुधु शेख, काजोल शेख, साफीकुल शेख, जुएल शेख सहित अन्य ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर में मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं है। साथ ही सेंटर को सैनिटाइज नहीं किया जाता है। शौचालय की बदतर स्थिति के कारण मजदूरों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। अगर बात करें पीने के पानी की तो सेंटर में उपलब्ध पानी में कीड़े मकोड़े भी तैरते नजर आ रहे हैं। इससे मजदूरों की स्वस्थ दुरुस्त करने की बजाय स्वास्थ्य बिगड़ने का आशंका बना रहता है।


