रांची के अखबार : कुंदन पाहन सहित 14 उग्रवादियों को झारखंड सरकार देगी पैसे, 55 नए कोरोना मरीज, अन्य खबरें

प्रभात खबर ने आज लीड खबर झारखंड में प्रभावी हुए अनलाॅक 1 के संबंध में दी है. खबर का शीर्षक है : रफ्ता-रफ्ता रफ्तार पकड़ रही जिंदगी. अखबार ने लिखा है कि झारखंड में लाॅकडाउन 1 में सतर्कता से जारी है कोरोना से जंग, सवा दो माह बाद खुली दुकानें, चले आटो और रिक्शा. इसके साथ ही अखबार ने यह खबर दी है कि झारखंड में वस्त्र विक्रेता संघ ने चेंबर से भेंट कर दुकानें खुलवाने की मांग की है. देवघर में कपड़ा दुकानदारों ने दुकान नहीं खोलने की अनुमति नहीं मिलने का विरोध जताया व भीख मांग कर प्रदर्शन किया.

यह खबर है कि राजधानी में रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के तीन ठीकानों पर एनआइए ने छापा मारा. यह खबर है कि राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 728 हो गयी, जिसमें 320 स्वस्थ हुए. 53 नए संक्रमित मिले हैं. यह खबर है कि नौंवी की बोर्ड परीक्षा में 97.42 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए. मोदी-ट्रंप वार्ता की संक्षिप्त खबर है.

अखबार के कवर पेज 2 पर लीड खबर है : कुंदन पाहन समेत सरेंडर करने वाले 14 नक्सलियों को दिए जायेंगे पैसे. भाकपा माओवादी के 11, पीएलएफआइ के दो व टीएसपीसी के एक उग्रवादी को लाभ मिलेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में पुनर्वास अनुदान प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. झारखंड सरकार बिजली उत्पादक कंपनियों को पैसे देने के लिए पांच हजार करोड़ का कर्ज लेगी. अधिवक्ता लिपिक कल्याण निधि को मंजूरी दे दी गयी है. आज विश्व साइकिल दिवस है और ऐसे में अखबार ने यह खबर दी है कि कुछ लोग कैसे अधिक उम्र में भी पैशन से साइकलिंग करते हैं.

जमशेदपुद से एक खबर है कि पुलिस ने एक युवक की बाइक को लेकर नियम उल्लंघन मामले में जुर्माना लगाया तो उसने बाइक में ही गुस्से में आग लगा दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बयान है कि भारत फिर से आर्थिक विकास दर हासिल कर लेगा. एक खबर है कि असम में श्रमिक ट्रेन रद्द, झारखंड के मजदूर फंसे. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि हैदराबाद में एक ठेकेदार ने झारखंड के मजदूरों को दूसरे ठेकेदार को बेच दिया.

हिंदुस्तान ने टाॅप में खबर दी है : अनलाॅक 1: बाजारों में रौनक लौटी पर नियमों की धज्जियां उड़ी. अखबार ने तसवीर छापी है कि कैसे इ रिक्शा पर दो की जगह पांच लोग बैठे हैं. अखबार के अनुसार, 50 प्रतिशत से भी कम लोग बाजार में आए. कपड़ा कारोबारियों द्वारा दुकान खोलने की मांग की खबर भी है. इस अखबार की लीड स्टोरी है: राहत: भारत में कोरोना की मारक क्षमता घटी. एम्स निदेशक का बयान है कि 90 प्रतिशत मरीज सिर्फ हल्के लक्षण वाले हैं. आरके कंस्ट्रक्शन के ठिकानों पर छापे की खबर इस अखबार ने भी दी है. संदेह है कि एनआइए ने यह कार्रवाई ट्रेरर फंडिंग के मामले में की है.

महाराष्ट्र में निःसर्ग चक्रवात आने की खबर व असम में भू स्खलन से 21 की मौत की खबर संक्षेप में है. अखबार ने खबर दी है कि रिम्स की दो छात्राओं समेत 55 कोरोना मरीज राज्य में मिले. पीएम का बयान है कि आर्थिक विकास दर फिर से हासिल करना मुमकिन है. अखबार ने एक खबर दी है कि भारत सहित दुनिया के कई देशों के अभिभावकों ने यह आनलाइन अभियान चलाया है कि कोरोना खत्म हो या टीका का ईजाद हो तभी बच्चों को स्कूल भेजेंगे.

दैनिक भास्कर की लीड स्टोरी है : टेरर फंडिंग के मामले में रामकृपाल कंस्ट्रक्शन पर एनआइए का छापा. अखबार ने लिखा है कि गिरिडीह में सड़क निर्माण के दौरान नक्सलियों को लेवी देने का आरोप है. अखबार ने खबर दी हैं राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 700 के पार पहुंच गयी, 53 नए मरीज मिले हैं और रिम्स के दो डाॅक्टर भी पाॅजिटिव हैं. एक खबर है कि स्कूल फीस का दबाव दे तो करें शिकायत होगी कार्रवाई. एक खबर है कि रेलवे ने राज्य में चार ट्रेनों के स्टापेज घटाए, कल से नहीं रूकेंगी ट्रेनें. इस संबंध में राज्य सरकार ने रेलवे बोर्ड से आग्रह किया था. यह खबर है कि रिम्स में जूनियर डाॅक्टर से रेप का प्रयास करने वाले सीनियर डाॅक्टर ने आत्मसमर्पण कर दिया है. एक खबर है कि प्रशासन ने विधायक इरफान अंसारी से नहीं लिया डाॅक्टर का काम, कहा – हमें जरूरत नहीं, जबकि जामताड़ा में आधे से भी कम डाॅक्टर. मनोज तिवारी को हटाकर आदेश कुमार गुप्ता को नया दिल्ली भाजपा अध्यक्ष बनाने की खबर संक्षेप में है.

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More