रांची के अखबारों की सुर्खियां : झारखंड में अनलाॅक वन के नियम 30 तक प्रभावी, उल्लंघन हुआ तो छूट वापस, अन्य खबरें

रांची से छपने वाले अखबारों में आज झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार द्वारा अनलाॅक वन के लिए घोषित नियम ही बड़ी खबर है.

प्रभात खबर की लीड स्टोरी की हेडिंग है: ऑटो व ई-रिक्शा चलेंगे, बसें नहीं, मोबाइल शाॅप खुलेंगे, पर सैलून, माॅल व शापिंग संस्थान नहीं. अखबार ने लिखा है कि आपदा प्रबंधन विभाग की अधिसूचना में 14 सेवाओं को शुरू करने की छूट मिली है. यह आदेश 30 जून तक प्रभावी रहेगा. यानी इस बीच छूट की उम्मीद कम ही है. बड़े आॅटो में चार लोग, छोटे में दो बैठेंगे. इ रिक्शा में दो व्यक्ति बैठ सकेंगे. सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों से स्पष्ट तौर पर कहा है कि अगर अनलाॅक वन की हदों को पार किया गया तो छूट वापस ले लेंगे. एक खबर है कि 12483 सैंपल की जांच बाकी है, जिसमें छह दिन लगेंगे. केरल में मानसून के प्रवेश से झारखंड को जोड़ने वाली खबर है कि यहां दो-तीन फीसदी ज्यादा बारिश के आसार हैं.

अखबार के कवर पेज 2 पर खबर है कि सीएम ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कुछ अहम फैसले लिए हैं. घोटाले से जुड़े एक मामले में जांच को मंजूरी दी. इस खबर का शीर्षक है: जल संसाधन विभाग में तीन वर्षाें में हुए सभी टेंडर की होगी जांच. केंद्रीय कैबिनेट के फैसले की खबर का शीर्षक है: 14 फसलों का समर्थन मूल्य बढा, एमएसएमइ को मिली और राहत. यह खबर भी है कि राज्यसभा की दो सीटों के लिए 19 जून को मतदान होगा. अखबार ने खबर दी है जमशेदपुर में 500 कंपनियां खुलीं और 20 हजार कामगार लौटे. अखबार ने लिखा है कि आदित्यपुर की रौनक लौट गयी है. एक खबर है कि बच्चे ने गुल्लक तोड़ कर पैसे निकाले और श्रमिक परिवार को झारखंड भेजा. यह काम किया है नोएडा की रहने वाली 13 साल की निहारिका ने, जिसने एक कैंसर पीड़ित महिला को 48 हजार की मदद पहुंचायी और घर भेजा. यह परिवार झारखंड का है.

हिंदुस्तान ने झारखंड में अनलाॅक वन को लीड खबर बनाते हुए हेडिंग दिया है: आॅटो-ई-रिक्शा चलेंगे, एसी-फ्रीज भी बिकेंगे. अखबार के अनुसार, चरणबद्ध रूप से छूट मिलेगी, हालात की समीक्षा के बाद छूट पर पुनर्विचार होगा. इस अखबार ने भी जल संसाधन विभाग के टेंडर जांच के आदेश की खबर दी है. एक खबर है कि रांची में दो महिला समेत राज्य में 37 नए पाॅजिटिव. अखबार ने राज्य सभा चुनाव 19 तारीख को होने की खबर दी है. इसके साथ ही यह खबर है कि अमेरिका में हिंसा प्रदर्शन के दौरान एक घंटे बंकर में रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. वहां एक ब्लैक व्यक्ति के पुलिस के हाथों मारे जाने के बाद जबरदस्त हिंसा भड़की है. अखबार ने यह खबर दी है कि संगीतकार वाजिद की कोरोना से मौत हो गयी. वहीं, केंद्रीय कैबिनेट में लिए गए फैसले की खबर का शीर्षक है: किसानों-कारोबारियों को केंद्र की सौगात. सूक्ष्म, लघु उद्योग की परिभाषा बदली गयी है.

दैनिक भास्कर ने लीड खबर को शीर्षक दिया है : झारखंड अनलाॅक, मगर कुछ शर्तें लागू, मोबाइल से फर्नीचर तक सब दुकानें खुलेंगी, लेकिन कपड़े जूते की दुकानें, सैलून व स्पा नहीं खुलेंगे. रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लाॅकडाउन रहेगा. स्पोट्र्स कांप्लेक्स, स्टेडियम बंद रहेंगे. झारखंड समेत सात राज्यों में 19 को राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी. एमएसएमइ को 20 हजार करोड़ की मदद, ठेले वालों को 10 हजार लोन, इस हेडिंग से केंद्रीय कैबिनेट के फैसले की खबर है. यह खबर भी है कि केरल में तय समय पर पहुंचा मानसून, मौसम विभाग ने कहा सामान्य रहेगा. झारखंड समेत पूरे देश में 102 प्रतिशत बारिश होगी.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More