रांची के अखबार : 48 घंटे में दस मौत के बाद रेलवे की अपील बीमार, गर्भवती, बुजुर्ग, बच्चे न करें यात्रा, अन्य खबरें

प्रभात खबर ने कवर पेज पर लीड खबर दी है : कई राज्य लाॅकडाउन बढाने के पक्ष में, फैसला जल्द. अखबार ने लिखा है कि लाॅकडाउन – 5 पर चर्चा शुरू हो गयी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गृहमंत्री अमित शाह ने मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्रियों की राय बतायी है. श्रमिक ट्रेनों में 48 घंटे में 10 मौतों के बाद रेलवे ने अपील की है कि गर्भवती महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग व बीमार लोग यात्रा न करें. यह खबर है कि छत्तीसगढ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, ज्योतिष बेजान दारूवाला और गीतकार योगेश का निधन हो गया. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि भ्रष्टाचार पर हेमंत सरकार सख्त है और संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ जांच के आदेश दिए गए हैं.
अखबार ने कवर पेज दो पर सिदो कानू मुर्मू विश्वविद्यालय की कुपलति नियुक्ति की गयीं जेएयनू की प्रोफेसर सोना झरिया मिंज का इंटरव्यू छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि सिस्टम को कोसने से काम नहीं चलेगा, उसका हिस्सा बनकर सुधार की गुंजाइश ढूंढनी होगी. यह खबर है कि डाकघरों में घोटाले पर सरकार गंभीर है और सीबीआइ जांच करेगी. मुख्मयंत्री हेमंत सोरेन के हवाले से खबर है हालात पर नजर, बढाया जा सकता है लाॅकडाउन. इडी ने मानव तस्कर पन्ना लाल सहित पांच पर प्राथमिकी दर्ज की है.
यह खबर है कि 46 नए कोरोना संक्रमित मिलने के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 522 पहुंच गयी है. एक खबर है कि अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ छोड़ने की घोषणा कर दी है, चीन पर निशाना साधा है. यह खबर है कि कमजोर हो रहा पतरातू डैम का बांध, टूटने का खतरा.
हिंदुस्तान अखबार की लीड खबर है कि सूबे में कोरोना संकट बढने के संकेत. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है संक्रमण की रफ्तार व रिकवरी रेट के आकलन के आधार पर निर्णय लिया जाएगा. अखबार ने लद्दाख से लाए गए 60 श्रमिकों की खबर भी दी है. एक दिन में राज्य में 46 कोरोना मामले बढे हैं और एक चिंता प्रकट करती हुई खबर है कि 15 दिन में 1500 से आंकड़ा पर हो जाएगा. कई जिलों में पांच दिन में मामले दो गुणे हो रहे हैं. डाकघर घोले की सीबीआइ जांच की मंजूरी की खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक संदेश अखबार ने छापा है कि कोई आपदा भारत का भविष्य तय नहीं कर सकती है.
दैनिक भास्कर की लीड खबर है : राज्य में एक दिन में सर्वाधिक 46 मरीज मिले, स्वास्थ्य सचिव बोले 15 दिन में हो सकते हैं 1650 मरीज. झारखंड में कोरोना का ग्रोथ रेट 6.2 है और 11.1 दिन में डबल हो रहे हैं मरीज. यह खबर है कि जेपीएससी ने 326 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा की है. अखबार ने एक आकलन आधारित खबर दी है कि एक जून से धार्मिक स्थल, स्कूल, काॅलेज खोलने में छूट संभव है. यह खबर है कि लददाख से मजदूर लाए गए और अब अंडमान से लाए जाएंगे.


