रांची के अखबार : हिंदपीढी में सील पर विवाद, कोरोना के भय से टलता रहा युवक का इलाज हो गयी मौत, अन्य खबरें

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : चीन के आगे नहीं झुकेगा भारत, सख्त रहेंगे तेवर. अखबार ने लिखा है कि सीमा पर तनातनी के बीच सैन्य कमांडरों की बैठक में यह निर्णय लिया गया है. अखबार ने लिखा है कि चीन दोहारा खेल खेल रहा है, सीमा पर सैन्य जमावड़े के साथ वह शांति का राग भी अलाप रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है. पांच मई के बाद हालिया तनाव पूर्ण स्थिति बनी है. मुख्यमंत्री का बयान है कि झारखंडी के अधिकार में अब सेंधमारी नहीं होगी. उन्होंने कहा है कि राजस्व वसूली के लिए कठोर कदम उठायेंगे और झारखंड अब अपने पैरों पर खड़ा होगा. अखबार ने खबर दी है कि गवर्नर सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्य के चार विश्वविद्यालयों व प्रो वीसी की मुख्यमंत्री से सहमति के बाद नियुक्ति की है. डाॅ मुकुल नारायण देव को विनोबा भावे विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है.

झारखंड चेंबर आफ काॅमर्स ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कई राहत की मांग की है. इसमें होल्डिंग टैक्स से छूट व अन्य चीजें शामिल हैं. वहीं, ट्रेनों की संख्या बढाने की मांग है. कई बिल्डिंग प्लान रुके हैं, उसे क्लियर करने से कंस्ट्रक्शन का काम बढेगा. व्यावसायिक गतिविधियों को आरंभ करने को लेकर भी चेंबर ने सीएम से मांग की है. रांची से खबर है कि एक युवक को बुखार था, इस वजह से कोरोना के भय से डाॅक्टर उसका इलाज टालते रहे और आखिर में उसकी मौत हो गयी. हिंदपीढी के ग्वालटोली के 18 साल के आसिफ को पेट में दर्द था और उसका अल्ट्रासाउंड तक नहीं हो पाया. एक खबर है कि अभी राज्य में रोज दो हजार टेस्ट हो रहे हैं, इसे चार हजार करने की तैयारी है. राज्य में 21 नए कोरोना संक्रमितों के साथ आंकड़ा 458 पहुंच गया है. राज्य के शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो की पीड़ा है कि निजी स्कूल उनकी बात नहीं सुनते. एक खबर है कि 14 जिलों में एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई है.

हिंदुस्तान ने खबर दी है कि हिंदपीढी में सील पर फूटा गुस्सा, पथराव व लाठीचार्ज. हिंदपीढी को कोंटनमेंट जोन से बाहर करने को लेकर दिन भर बवाल चला. शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो ने प्रस्ताव किया है कि निजी स्कूलों में फीस नहीं बढेगी, दो माह का बस किराया माफ होगा. उन्होंने कहा है कि अभिभावक संघ व स्कूल प्रबंधकों से अलग-अलग बात हुई है और अब मुख्य सचिव के साथ दोनों की बैठक होगी. इसमें अंतिम निर्णय लिया जाएगा. लीड में रांची से यह खबर है कि अब शहरी क्षेत्र में भी उद्योगों को खोलने की छूट मिली. एक खबर है कि गोवा के करमाली से हटिया आ रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में एक मजदूर अशोक गोप की मौत हो गयी. बिलासपुर के बाद तबीयत बिगड़ी, उल्टी हुई और अंततः मौत हो गयी. वे गुमला के सिसई के रहने वाले थे. सीबीएसइ की खबर है कि जो बच्चे जहां हैं वे वहीं परीक्षा दे सकेंगे. एक खबर है कि नियंत्रण रेखा विवाद पर चीन नरम पड़ा. यह खबर भी है कि राज्य में कोरोना के 21 नए मामले मिले और 16 लोग ठीक हुए.

दैनिक भास्कर की लीड खबर है : बोकारो में सर्दी-बुखार के बाद बुजुर्ग की मौत, ट्रू नेट की जांच में निकला पाॅजिटिव. अखबार ने लिखा है बिना स्वाॅब सैंपल लिए अंतिम संस्कार कर दिया गया. सुप्रीम कोर्ट के हवाले से एक खबर है कि चैरिटिबल ट्रस्ट कोरोना पीड़ितों का मुफ्त इलाज करें. यह खबर है कि राज्य के सभी चैरिटेबल अस्पताल में अब ओपीडी सेवा आरंभ होगी. रांची विश्वविद्यालय को छोड़ सभी चार विवि में नए कुलपति की नियुक्ति की खबर अखबार ने दी है. यह खबर है कि नेपाल में मजदूर की मौत हो गयी, शव गांव नहीं आ पाया तो परिवार ने मिट्टी का पुतला बना कर निभाई रस्में. यह सिसई गुमला की खबर है. एक खबर है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन में मजदूर की मौत, ट्रेन 70 स्टेशन से गुजरी, न किसी ने रोकी और न सुध ली. माइग्रेशन पर चर्चित पुस्तक के लेखक डाॅ चिन्मय तुंबे ने कहा है कि सरकार को लाॅकडाउन से पहले ही प्रवासी श्रमिकों को घर भेज देना चाहिए, रिवर्स माइग्रेशन से वे देर से लौटेंगे, लेकिन लौटेंगे जरूर.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More