रांची के अखबारों की सुर्खियां : हिंदपीढी में पिटाई के बाद बवाल, लाॅकडाउन 4.0 का एलान आज, छूट के आसार, अन्य खबरें

प्रभात खबर ने आज वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कल आर्थिक पैकेज के संबंध में की गयी घोषणा को लीड खबर बनाया है. इसका शीर्षक है: कोयला क्षेत्र में खत्म होगा सरकार का एकाधिकार, होगी कामर्शियल माइनिंग. अखबार ने लिखा है कि खदान से लेकर आसमान तक सरकार ने राहत के कई कदम उठाये हैं. विश्व स्तरीय एयरपोर्ट बनाए जाएंगे, रक्षा क्षेत्र में 74 प्रतिशत एफडीआइ होगी. अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों को मौका मिलेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य सचिव को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पैदल जा रहे मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाया जाये. यूपी के ओरैया दुर्घटना की खबर का शीर्षक है: घर लौट रहे 25 मजदूरों की मौत, मृतकों में 11 बोकारो के. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि राज्य में जोमैटो व स्वीगी से शराब की होम डिलवरी होगी.

अखबार के कवर पेज 2 पर एक खबर है कि झारखंड में चक्रवात का ज्यादा असर नहीं होगा और कुछ जिलों में बारिश होगी. अखबार ने एक तसवीर छापी है जिसमें कुछ लोग साइकिल से दिल्ली से झारखंड आते दिख रहे हैं. अखबार ने बताया कि ये वे लोग हैं जो दुबई से विमान से मार्च में ही दिल्ली आये थे लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी झारखंड के लिए सवारी नहीं मिलने के बाद सबने साइकिल खरीदी और उसी से कूच कर गए. एक खबर है कि हिंदपीढी में पूर्व पार्षद ने सीआरपीएफ पर लगाया पीटने का आरोप, पथराव. अखबार ने रांची से खबर दी है कि 103 कोरोना मरीजों में 83 स्वस्थ हो गए हैं. राज्य में कुल 217 केस है, जिसमें 108 स्वस्थ्य हो चुके हैं और 107 एक्टिव केस हैं. गढवा के कांडी प्रखंड से एक खबर है कि नहाने गये बच्चों में एक डूबा और उसे बचाने में छह डूब गए. अखबार ने कोरोना काल में नवजात बच्चों पर स्टारी दी है कि जन्म लेते ही खतरनाक वायरस से हो रहा है सामना.

हिंदुस्तान ने हिंदपीढी की घटना को लीड खबर बनाया है और इसे शीर्षक दिया है: हिंदपीढी में सख्ती पर संग्राम. अखबार ने लिखा है कि मास्क नहीं पहनने पर पिटाई से फूटा गुस्सा, जमकर पथराव. उग्र भीड़ पर काबू के लिए रबर बुलेट दागे गए. अखबार ने खबर दी है कि गढवा में डूबने से आठ की जान गयी. वहीं, ओरैया दुर्घटना में बोकारो के 11 लोगों के मारे जाने की भी खबर है. कोयले पर सरकारी एकाधिकार केंद्र द्वारा खत्म किये जाने की भी खबर है. अखबार ने खबर दी है कि सीबीएसइ परीक्षा की डेटशीट कल आएगी. वहीं, यह खबर भी है कि मिठाई दुकान खोलने पर सशर्त छूट मिल सकती है.

दैनिक भास्कर ने आज यूपी के ओरैया और एमपी-यूपी सीमा पर हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं को कंपाइल कर बड़ी स्टोरी बनायी है. शीर्षक है: हे सरकार, कुछ तो करो. अखबार ने लिखा है कि मौत फिर 34 मजदूरों को अपने घर ले गयी. अखबार ने लिखा है कि लाॅकडाउन 4.0 की घोषणा आज होगी और घरेलू उड़ान, मेट्रो एवं बस परिचालन आरंभ किया जा सकता है. अखबार ने खबर दी है कि हिंदपीढी में स्ट्रीट लाइट बुझाकर पत्थरबाजी की गयी. अखबार ने एक खबर दी है कि रंाची में रिकवरी रेट देश में सबसे अधिक 80 प्रतिशत है. अखबार ने लिखा है कि ऐसा ही रहा तो रेड जोन से बाहर आ जाएंगे हम.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More