रांची के अखबारों की सुर्खियां : 22 से चलेंगी ट्रेनें, 19 से उड़ान भरेंगे घरेलू विमान, अन्य खबरें

रांची से छपने वाले अखबारों ने आज वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कल आर्थिक पैकेज के बारे में अलग-अलग क्षेत्रों के आवंटन को लेकर दी गयी जानकारी को अहम खबर बनाया है.

प्रभात खबर ने लीड खबर को शीर्षक दिया: छोटे उद्योगों को बड़ी राहत. अखबार ने आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम बताते हुए लिखा है कि वित्तमंत्री ने छह लाख करोड़ रुपये के पैकेज का ब्लू प्रिंट बताया है. यह भी उल्लेख है पीएम केयर फंड से प्रवासी श्रमिकों के लिए एक हजार करोड़ रुपये का एलान किया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान है हर झारखंड के लौटने तक मुझे चैन नहीं. एक खबर है कि स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स से जुड़ी फाइलें लौटा दी है और अब काम बढेगा. अखबार ने पिछले दिनों खबर दी थी कि रिम्स में कई आवश्यक कार्याें की फाइल स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के पास पड़ी है, जिसे कामकाज प्रभावित हो रहा है. अखबार ने जेवियर इंस्टिट्यूट आॅफ सोशल साइंस के प्रो पिनाकी घोष का आलेख छापा है: कोरोना काल में शिक्षा प्रणाली की चुनौती बढी.

अखबार के कवर पेज 2 की लीड खबर है – 22 से मेल-एक्सप्रेस व शताब्दी ट्रेनें चलेंगी, 19 से घरेलू उड़ानें शुरू होंगी. 22 से चलने वाली ट्रेनों के लिए 15 तारीख से टिकट की बुकिंग होगी. एक खबर है कि झारखंड में कोरोना के आठ नए मरीज मिले हैं, जिसमें रांची-कोडरमा के दो-दो और गिरिडीह के चार हैं. एक खबर है कि बुजुर्ग पर लगाया ओझा-गुणी का आरोप, पंचायती बुलायी और पीट कर मार डाला. यह खबर लातेहार की है. गढवा से एक खबर है कि खैरियत पोर्टल से प्रवासी श्रमिकों का ख्याल रखा जा रहा है. वहीं, केंद्र सरकार में झारखंड कैडर के अफसरों की अहम भूमिका पर अखबार ने एक स्टोरी की है.

हिंदुस्तान ने आर्थिक पैकेज को ली्रड खबर बनाते हुए हेडिंग दिया है: छोटे-मंझोले उद्योगों को आसान कर्ज. अखबार ने राहत पैकेज की खास बातों का उल्लेख किया है. कर्मचारी भविष्य निधि, बिजली सेक्टर, गैर बैंकिंग फाइनेंस कंपनियां, ठेकेदारों को मोहलत, रियल एस्टेट एव कर में राहत, ये ऐसे सेक्शन हैं जिसके बारे में एलान किए गए हैं. ट्रेनें 22 से चलने व राज्य में आठ मरीज मिलने की खबर भी पहले पन्ने पर है. अखबार ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बयान दिया है कि कोरोना वायरस लैब में तैयार हुआ है. कोरोना की वजह से जज व वकील को फिलहाल काला पहनने से राहत दे दे गयी है.

दैनिक जागरण की लीड खबर है : इकोनाॅमी को छह लाख करोड़ की संजीवनी. एसएमइ, बिजली कंपनियों एवं रियल एस्टेट के सबसे पहले राहत दी गयी है. एक खबर है प्रसूता पाॅजिटिव, रिम्स के गायनी विभाग में फिर संक्रमण का खतरा. अखबार ने गृहमंत्री अमित शाह के निर्देश के आधार पर खबर दी है कि अर्द्धसैन्य बलों के कैंटिन में सिर्फ स्वदेशी वस्तुएं मिलेंगी. अखबार ने खबर दी है कि 22 से विशेष ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी मिलेगा. अखबार ने एक खबर दी है कि पशु आहार पर सब्सिडी का सुझाव समिति को ट्रंासफर कर दिया गया है.

दैनिक भास्कर ने लीड खबर को शीर्षक दिया है : अब सिर्फ कर्ज लो, गारंटी सरकार देगी. अखबार ने लिखा है कि वित्तमंत्री की घोषणाओं में सबसे ज्यादा फोकस सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों पर रहा. अखबार ने लिखा है कि सरकार के नए फैसले से कर्मचारियों का कैड इन हेंड बढेगा. अखबार ने राहत पैकेज को राज्य के संबंध में भी खबर में ढालने का प्रयास किया है और एक स्टोरी दी है: झारखंड में 1500 उद्योग अब हो सकेंगे चालू, हजारों नौकरियां बचेंगी. अखबार ने एक स्टोरी दी है: सोहराय-कोहबर पेंटिंग को झारखंड का पहला जीआइ टैग, जानवरों के माध्यम से मानव विकास दिखाने का यह हुनर सिर्फ महिलाओं के पास है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More