इरफान खान : पंकज कपूर के ड्रामा व ओम पुरी के अभिनय की सरलता वाला बिल्लू रुला गया

अभिनेता इरफान खान का पेट की लंबी बीमारी के बाद बुधवार को मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में निधन हो गया. इरफान खान अपने समकालीन अभिनेताओं में एक ऐसे कलाकार के रूप में याद रखे जाएंगे जो स्टार तो नहीं थे, लेकिन चरित्र को जी लेने की कला में अपने समकालीन सुपरस्टार पर भी भारी पड़ते थे. फिल्म बिल्लू में वे शाहरुख खान व लारा दत्ता के साथ थे, जिसमें उन्होंने टाइटल किरदार को जीया था.
.
इरफान खान के निधन पर सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा अपने विचार व्यक्त करने का सिलसिला जारी है. पत्रकार अखिलेश प्रताप सिंह ने इरफान खान के बारे में लिखा: उनमें पंकज कपूर का ड्रामा था और ओम पुरी के अभिनय की सरलता…निर्देशक ही बता पाएंगे कि वे जो बताते थे, पर्दे पर उतना ही आता था या इरफान ही किरदार के चारों ओर घूम कर कहते थे कि इसे ऐसे यहां से से देखो…जो दिखता था, वह हमारा हासिल था…जो खो गया है, वह उस चिट्ठी की तरह अनकहा रह जाएगा जो सलाम बाॅम्बे में लिखी गयी थी…

पत्रकार राजीव रंजन श्रीवास्तव ने लिखा: एक बेहतरीन कलाकार और उतने ही अच्छे इंसान थे इरफान खान. जिंदगी और मौत की जंग में आज जिंदगी हार गयी और इरफान ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. इरफान ने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली. 54 वर्षीय इरफान न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित थे.

पत्रकार जेब अख्तर ने लिखा: बंदा चला गया, जिद्दी था, खुद को मनवा कर ही गया. पत्रकार अरुण खरे ने उन्हें भारतीय सिनेमा का असाधारण अभिनेता बताया.

पत्रकार मुकुंद हरि ने लिखा: इरफान के अभिनय का एक अलग अंदाज हमेशा उनकी यादें जिंदा रखेगा. पत्रकार अनुराग अन्वेषी ने लिखा: किसी कलाकार के निधन पर शायद ही मेरी आंखें नम हुई हो, पर आज यह बिल्लू रुला गया. इरफान जैसे सहज कलाकार रेयर पैदा होते हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More