रांची के अखबारों की सुर्खियां : झारखंड में कोरोना के सात नए मरीज मिले, एनोस को सजा, अन्य खबरें

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : सात और पाॅजिटिव मिले, इनमें छह हिंदपीढी के, एक बेड़ो का रहने वाला. अखबार ने लिखा है कि कोरोना को लेकर राज्य में चिंता बढ गयी है. अबतक 56 संक्रमित हुए हैं, जिनमें आठ स्वस्थ होकर घर लौटे हैं. गढवा के जिस पठान टोली मुहल्ले में 22 साल का पहला कोरोना मरीज मिला, वहां करफ्यू लगा दिया. एक खबर है कि रामगढ में कोरोना मरीज बताकर बहिष्कार किया तो सीएम ने मदद की. पानी नहीं मिलने से एक परिवार में खाना नहीं बना था तो किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सीएम हेमंत सोरेन को ट्वीट कर दिया, जिसके बाद पीड़ित परिवार तक मदद पहुंचायी गयी. अखबार ने रिम्स के एक डाॅक्टर दंपती की तसवीर छापी है जिन्होंने कोरोना पीड़ितों की सेवा करते हुए अपनी शादी की पहली सालगिरह मनायी. वहीं, यह खबर है कि आज पंचायती राज दिवस है और कोरोना महामारी में पंचायतों की भूमिका अहम है. अखबार ने एक खबर दी है कि कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए पुलिस केस की तरह अनुसंधान कर रही है और काॅल रिकार्ड से लेकर सीसीटीवी फुटेज तक खंगाल रही है. अखबार ने टाॅप बाॅक्स में खबर दी है: ऐसे कैसे हारेगा कोरोना: जांच धीमी, संसाधन कम, उपर से लापरवाही.
अखबार के कवर पेज 2 पर लीड खबर है कि जून 2021 तक केंद्रीय कर्मचारियों का नहीं बढेगा महंगाई भत्ता. वहीं, झारखंड से खबर है कि राज्यकर्मियों का महंगाई भत्ता रोकने की तैयारी में सरकार है. वहीं, गृह मंत्रालय के हवाले से खबर है कि कर्मी के कोरोना संक्रमित होने से फैक्टरी सील नहीं होगी. एक खबर है कि पूर्व मंत्री एनोस एक्का को सात साल की जेल की सजा सुनायी गयी है और दो करोड़ जुर्माना भी लगाया गया है. उन पर यह फैसला पीएमएलए कोर्ट ने दिया है. यह मामला मनी लाउंड्रिंग का है. वहीं, एक खबर है कि यूजीसी ने ओबीसी के लिए फैलोशिप की राशि बढा दी है. यह खबर भी है कि ओले पड़ने व आंधी-पानी की वजह से बिजली गुल हो गयी. वज्रपात से एक बच्ची सहित तीन की मौत हो गयी. रांची से खबर है कि इंडस्ट्रियल एरिया में भी अब कारखाने खुल सकेंगे. केंद्र सरकार ने विभागों से कहा है कि दफ्तरों में एक तिहाई से अधिक कर्मचारी नहीं बुलाएं. अखबार ने अक्षय तृतीया पर खबर दी है, जिसकी हेडिंग है : अक्षय तृतीया 26 को, हो रही है आनलाइन बुकिंग.
हिंदुस्तान की लीड खबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डाॅ हर्षवर्द्धन की कोरोना पर दावे को लेकर है, जिसका शीर्षक है: कोरोना कुछ हफ्ते में काबू होेने की उम्मीद. डाॅ हर्षवर्द्धन ने कहा है कि मामले के दोगुणे होने की रफ्तार धीमी हुई है. एनोस एक्का को सात साल की जेल व दो करोड़ जुर्माना की खबर इस अखबार में भी है. लाॅकडाउन के 30 दिन पूरे होने पर अखबार ने स्टोरी की है, जिसका शीर्षक है: लाॅकडाउन के 30 दिन: महामारी की रफ्तार थमी, अर्थव्यवस्था लुढकी. आइआइटी दिल्ली की कोरोना जांच किट को मंजूरी मिलने की खबर संक्षेप में है. तबलीगी जमात के चीफ मौलाना साद के शामली स्थित फार्म हाउस पर दिल्ली क्राइम ब्रांच के छापे की खबर अखबार ने प्रमुखता से दी है. वहीं, यह खबर भी है कि केंद्रीय कर्मियों का डीए अगले साल जून तक नहीं बढेगा. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि एससी-एसटी कोटे में क्रीमिलेयर लागू करें. कोरोना को लेकर झारखंड से खबर है कि यहां युवाओं में संक्रमण की दर बुजुर्गाें से तीन गुणा अधिक है. वहीं, एक खबर है कि डाॅक्टरों द्वारा आरोप लगाने पर संबंधित व्यक्ति को अपनी बेगुनाही साबित करनी होगी, ताकि वह सजा से बच सके.
दैनिक जागरण ने लीड खबर दी है : रिम्स पर मंडराया संक्रमण का खतरा. अखबार ने लिखा है कि प्रसूता कोरोना संक्रमित पायी गयी हैं, जिसके संपर्क में 28 डाॅक्टर व मेडिकल स्टाफ आए थे. अखबार ने यह खबर भी दी है कि राज्य में सात कोरोना मरीज और मिले हैं, जिसमें छह हिंदपीढी की और एक बेड़ो के हैं. यह खबर है कि केंद्रीय कर्मियों एवं पेंशनर्स के डीए वृद्धि पर रोक लगा दी गयी है. अंदर के पन्ने पर खबर है कि सोनिया गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में टीवी पत्रकार अर्णब गोस्वामी पर राज्य के दो कांग्रेस नेता अजयनाथ शाहदेव व इरफान अंसारी ने मुकदमा दर्ज कराया है. वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा है कि सहायता एप में प्रवासी श्रमिकों का निबंधन जारी रहेगा. पहले सरकार के घोषणानुसार, 22 तारीख तक ही ऐसा होना था. एनोस एक्का की खबर अंदर के पन्ने पर अखबार ने दी है.
दैनिक भास्कर ने कोरोना पीड़ितों के ठीक होने के बाद आपबीती छापी है कि गुलाबी गोली से दर्द नहीं हुआ, डाॅक्टर-नर्स ने जान पर खेल कर देखभाल की, बेड पर 10 फीट दूर थे, बातचीत में गुजार दिए 18 दिन. अखबार ने खबर दी है कि हिंदपीढी में छह और मरीज मिले और कोरोना की चेन पीपी कंपाउंड तक पहुंच गयी, प्रसव के बार रिम्स को पता चला कि कोरोना पाॅजिटिव थी महिला, विभाग बंद, 18 डाॅक्टर क्वरंटाइन. अखबार ने खबर दी है कि राज्य में 2280 सैंपल पेंडिंग में है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ गया है. एनोस एक्का की खबर भी है. वहीं, यह खबर है कि ट्यूशन फीस छोड़ कर अन्य फीस माफ करने का आदेश दे सकती है सरकार. दुमका में मयूराक्षी नदी में नाव पलट गयी, जिससे पांच लोग लापता हैं. गया में यजमान के अभाव में पंडे खुद कर रहे हैं पिंडदान, पंडों का कहना है कि एक भी दिन तर्पण छूट गया तो गयासुर जाग जाएगा.


