रांची के अखबार : देवघर पहुंचा कोरोना, सीएम हेमंत ने पीएम मोदी से कोटा में फंसे बच्चों पर की बात, यूपी के रवैये से असंतोष

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : पहली बार एक दिन में डेढ हजार मामले, मगर कोरोना के खिलाफ भारत दिख रहा कामयाब. अखबार ने इस खबर में लिखा है कि देश के 59 जिलों में 14 दिनों में एक भी मामला नहीं आया है और गोवा व मणिपुर कोरोना मुक्त राज्य हो गए हैं. केंद्र का एक अहम बयान है कि राज्य चाहें तो लाॅकडाउन में सख्ती बढाएं लेकिन छूट की इजाजत नहीं है. यह भी उल्लेख है कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पिता की अंत्येष्टि में आज शामिल होने नहीं जाएंगे वे लाॅकडाउन का पालन करेंगे. झारखंड से कोरोना के केस पर खबर है: चार और पाॅजिटिव मरीज मिले, देवघर में मिला पहला केस, चार ठीक भी हुए. देवघर में मिले कोरोना के मामले में अखबार ने लिखा है कि क्वारंटाइन का समय पूरा होते ही उसे घर भेज दिया और बाद में वह पाॅजिटिव निकला. अखबार ने खबर दी है कि उस 17 साल के लड़के को मां, भाभी व छोटे भतीजे के साथ ही एंबुलेंस से आइसोलेशन सेंटर ले जाया गया.
प्रभात खबर के कवर पेज 2 पर टाॅप बाॅक्स खबर है : सीएम के ट्वीट पर जागी रामगढ पुलिस, बची माॅब लिंचिंग पीड़ित की जान. पतरातू में 18 अप्रैल की रात ससुराल से लौट रहे राजू अंसारी को पीटकर अधमरा कर दिया. स्थानीय युवक ने राष्ट्रपति को ट्वीट कर दिया तो यह मामला प्रकाश में आया. गिद्दी में एफआइआर दर्ज हुआ, 13 नामजद किए गए और चार गिरफ्तार किए गए हैं. लाॅकडाउन टू को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं होने से कई उद्यमी संशय में हैं, ऐसे में कई उद्योग शुरू हुए हैं तो कई को अभी इंतजार है. एक खबर है कि सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और कोटा में फंसे राज्य के बच्चों के बारे में अवगत कराया लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला. अखबार ने प्रवासी मजदूरों के लिए बनाए गए सहायता एप पर खबर की है और लिखा है कि यह सही से काम नहीं कर रहा है, अधिकारियों ने प्रक्रिया जटिल बना दी है जिससे श्रमिकों को दिक्कत आ रही है और उन्होंने इसकी शिकायत की है. गोड्डा से खबर है कि लाॅकडाउन में बांटे जा रहे हैं सेनिटरी एप.
दैनिक जागरण की आशाजनक लीड खबर है, जिसका शीर्षक है : कोरोना के दोगुणा होने की गति और धीमी. भारत ने लिखा है कि 6.2 से बढकर 7.5 दिन में दोगुणे हो रहे हैे मरीज. अखबार ने खबर दी है कि झारखंड में चार लोगों ने कोरोना को मात दी, वहीं इस पर चिंता जतायी है कि चार नए कोरोना मरीज मिले हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूपी सरकार द्वारा कोटा से अपने सूबे के बच्चों को लाने के सवाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और कहा कि इससे झारखंड में असंतोष पैदा हो रहा है. सीएम के बयान को अखबार ने हेडिंग बताया है कि यह राजनीति का वक्त नहीं, जिंदा रहेंगे तो होती रहेगी राजनीति. अखबार ने यह खबर छापी है कि पिता के निधन पर भी न टूटा योगी का तप. यह खबर कल यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता की दिल्ली में मौत से संबंधित है जिनकी आज अंत्येष्टि होगी और उसमें मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगे.
हिंदुस्तान की खबर है : देवघर भी पहुंचा कोरोना, राज्य में चार नए मरीज मिले. इसके साथ ही यह खबर है कि चार लोगों महामारी को मात दे दी है. झारखंड में एंटीबाॅडी रैपिड टेस्ट शुरू होगा. एक खबर है कि झारखंड में एक दिन में सर्वाधिक 1540 कोरोना मरीज मिले हैं. यह खबर है कि बीसीजी टिके का कोरोना पर ट्रायल होगा. अखबार ने खबर दी है कि सरकारी कार्यालय खुले, अब उद्योगों की बारी. वहीं, एक खबर है कि हिंदपीढी से 13 और लोग लोहरदगा पहुंच गए. गिरिडीह के बिरनी प्रखंड बैदापहाड़ी गांव से खबर है कि 28 वर्षीय शिक्षक सुरेश पंडित ने कोरोना होने के भय से आत्महत्या कर ली. अखबार ने एक आशाजनक खबर दी है कि बड़ी कंपनियों में दो लाख नयी नौकरियों के मौके हैं.
दैनिक भास्कर की लीड खबर का शीर्षक है : झारखंड में चार मरीज ठीक हुए, चार नए मरीज मिले. एक खबर है कि राज्य में 3766 संदिग्ध मरीजों की निगरानी हो रही है, इनमें सबसे अधिक 967 संदिग्ध मरीज रांची में हैं. देवघर में जो पहला मरीज मिला है, उसके बारे में लिखा है कि वह 31 मार्च को 115 लोगों के साथ लौटे था. सैंपल लेकर 14 दिन के क्वारंटाइन के बाद उसे छोड़ दिया गया और छह दिन बाद वह कोरोना पाॅजिटिव निकला. झारखंड की पहली कोरोना मरीज मलेशियाई युवती की दो सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आयी है.


