रांची के अखबार : लाॅकडाउन 2 में जरूरी सेवाओं को सर्शत छूट, खूंटी में युवक की पीट कर हत्या, मानसून में देर, और जानें

प्रभात खबर की लीड खबर है : आइटी, ई-काॅमर्स और कुरियर कंपनियां खुलेंगी, कृषि क्षेत्र में बढा छूट का दायरा. अखबार ने लिखा है लाॅकडाउन फेज – 2 शुरू हो गया है और इसके लिए नयी गाइडलाइन जारी की गयी, 20 से कई सेवाओं में ढील मिलेगी और बाकी पर पाबंदी जारी रहेगी. अखबार ने लिखा है कि झारखंड में रांची व बोकारो कोरोना का कलस्टर माना गया है. केंद्र ने 170 जिलों को कोरोना के हाॅटस्पाट के रूप में चिह्नित किया है, जिसमें इनका नाम शामिल है. जबकि 207 जिले संभावित हाॅटस्पाट के दायरे में हैं. इमरजेंसी सेवा के दफ्तरों में काम जारी रहेगा. कामकाज के दौरान सीनियर अफसरों की मौजूदगी अनिवार्य होगी. पलंबर, मीट-मछली, मैकेनिक, फल-सब्जी की दुकानें खुलेंगी. कोल व माइन सहित कुछ अन्य सेक्टरों को कामकाज की छूट मिलेगी. रांची से एक खबर है कि लाॅकडाउन 2 में छूट दिए जाने से उद्योग व खदानों में 15 लाख लोगों को वापस रोजगार मिलेगा. एक खबर है कि लाॅकडाउन के उल्लंघन की खबर पर हाइकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है. अखबार ने हिंदपीढी में बार-बार लाॅकडाउन संबंधित खबरें अखबार में छपने पर स्वतः संज्ञान लिया है. अखबार ने लिखा है कि हिंदपीढी में कोरोना का एक और मरीज मिलने से राज्य में मरीजों की संख्या 28 हो गयी. अबतक हिंदपीढी में 14 मरीज मिले हैं. एक खबर है कि टीवी देख तीन धनुष के खेल में रांची के एक 10 साल के बच्चे शिवम का आंख घायल हो गया.
हिंदुस्तान ने भी लाॅकडाउन 2 की खबर को लीड बनाया है और इसे शीर्षक दिया है : जरूरी सेवाओं में सोमवार से सशर्त छूट. यह उल्लेख है कि देश के 170 जिले को कोरोना के रेड लिस्ट में रखा गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अफसरों को सख्त निर्देश है कि राज्य में कोरोना के नए हाॅटस्पाट नहीं बनने दें. अबतक रांची का हिंदपीढी व बोकारो का तेलो दो हाॅटस्पाट बन चुके हैं. हाइकोर्ट की खबर है कि लाॅकडाउन में ढिलाई पर कोर्ट सख्त. यह मामला प्रकाशित खबरों को स्वतः संज्ञान में लेने का है. खूंटी के सोयको थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह गांव की एक खबर है कि यहां गांव में घुसे एक अनजान व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. यह खबर है कि कोरोना में एक और कोरोना पाॅजिटिव मिला है. वहीं, बाॅटम में अखबार ने स्टोरी दी है कि अगर आप मोटे हैं तो कोरोना वायरस से चैकन्ने रहिए.
दैनिक भास्कर की लीड खबर की हेडिंग है: 20 अप्रैल से किराना दुकानें, शहर के बाहर की फैक्टरियां शुरू हो सकेंगी. स्कूल, शापिंग माॅल बंद रहेंगे, पलंबर, मैकेनिक की सुविधा बहाल होगी. हाइवे पर ढाबे खुल सकेंगे लेकिन कहीं भी होटल व रेस्टूरेंट नहीं खुलेंगे. सिर्फ जरूरी चीजों की दुकानें खुलेंगी, शराब की दुकान पर पाबंदी जारी रहेगी. झारख्ंाड की खबर है कि रांची सहित छह जिलों में कोई छूट नहीं मिलेगी, शेष 18 जिलों में केस नहीं मिले तो छूट दी जाएगी. सार्वजनिक स्थल पर माॅस्क पहनना अनिवार्य होगा थूके तो फाइन लगेगा. इमरजेंसी में कार पर दो व्यक्ति जा सकेंगे जबकि बाइक पर एक ही. यह भी उल्लेख है कि कार्यस्थल पर स्क्रीनिंग जरूरी होगी, छह फीट की दूरी पर बैठना होगा, सबका बीमा अनिवार्य होगा. अखबार ने लिखा है कि एक जून को केरल पहुंचेगा मानसून, झारखंड में एक सप्ताह देर से 20 जून को मानसून पहुंचेगा. पिछले साल भी झारखंड में 13 दिन लेट से मानसून आया था. एक खबर है मोबाइल पर डाॅक्टर को बीमारी बताएं वाट्सएप पर मिलेगी दवा पर्ची.
दैनिक जागरण ने भी लाॅकडाउन 2 की खबर को लीड बनाया है. शीर्षक है: 20 अप्रैल से मिलेगी कुछ राहत. अखबार ने हिंदपीढी में एक और कोरोना संक्रमित के मिलने की खबर को शीर्षक दिया है: हिंदपीढी में थम नहीं रहा है संक्रमण, मिला एक और मरीज. एक खबर है कि मानसून पर अलनीनो की छाया नहीं पड़ेगी और जमकर बदरा बरसेंगे. अखबार ने लिखा है कि बिहार व उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में एक हफ्ता देर से मानसून पहुंचेगा. गृह मंत्रालय से खबर है कि सार्वजनिक स्थलों पर थूकना अब दंडनीय अपराध है. वहीं, एक खबर है कि हिंदपीढी से चोरी-छुपे सात लोग लोहरदगा पहुंच गए. ये लोग मेडिकल इमरजेंसी पास बनाकर पहुंचे थे., पुलिस ने उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया था और आज जांच करायी जाएगी. लाॅकडाउन अवधि में फीस नहीं ले सकेंगे निजी स्कूल, जारी होगा आदेश. प्रोफेशनल कोर्स के छात्रों को भी केंद्र ने लाॅकडाउन पीरियड के फीस से राहत दी है. हाइकोर्ट द्वारा लाॅकडाउन उल्लंघन का स्वतः संज्ञान लेने की खबर भी अखबार ने प्रमुखता से दी है.


