रांची के अखबार : कोरोना पीड़ित के शव को दफनाने के लिए दो गज जमीन पर आफत, आज नजरें पीएम पर, अन्य खबरें

प्रभात खबर की लीड खबर का शीर्षक है: हिंदपीढी के कोरोना पीड़ित की मौत, शव दफनाने के लिए दो गज जमीन पर आफत. मृतक व्यक्ति हिंदीपीढी की दूसरी कोरोना पीड़ित महिला के पति थे. उन्हें शरीर में कई तरह की समस्याएं थीं और वेंटिलेटर पर रखा गया था. रांची जिला प्रशासन को उनका शव दफनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, अखबार की स्टोरी में यह फोकस प्वाइंट है. अखबार ने लिखा है कि जिला प्रशासन की टीम जब रातू रोड व बरियातू कब्रिस्तान गयी तो स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आये और ऐसा करने का विरोध करने लगे. खबर में उल्लेख है कि मृतक का शव देर रात तक ऐंबुलेंस में पड़ा रहा. हंगामा करने वाले लोग ट्रैफिक एसपी के इस आश्वासन के बाद ही माने की शव नहीं दफनाया जाएगा. वहीं, जिला प्रशासन ने हंगामा करने वाले 250 लोगों के खिलाफ लाॅकडाउन का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है. अखबार ने लिखा है कि मृतक की बहू व पोते की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है. अखबार ने खबर दी है कि बोकोरो के गोमिया प्रखंड में दो कोरोना मरीज मिले हैं और ये दोनों कोरोना से मरने वाले पहले 75 वर्षीय शख्स के रिश्तेदार हैं. अखबार ने यह संभावना जतायी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लाॅकडाउन बढाने की तारीख का एलान कर सकते हैं, हालांकि इसमें कुछ राहत दी जा सकती है. वहीं, कोरोना पीड़ितों की संख्या देश में 8500 पहुंचने की खबर भी अखबार ने दी है. एक छोटी पर अहम खबर है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी से लड़ने के लिए ईस्टर के मौके पर शक्ति मांगी.
हिंदुस्तान की लीड खबर है – चिंताजनक : झारखंड में कोरोना से दूसरी मौत. अखबार ने लिखा है बोकारो में दो और कोरोना मरीज मिले हैं. वहीं, सावधान करने वाली यह खबर है कि जल्दबाजी में पाबंदी हटाना खतरनाक, फैल सकती है महामारी. डब्ल्यूएचओ के हवाले से लिखी गयी इस खबर में उल्लेख है कि देश को तीन जोन ग्रीन, ओरेंज व रेड में बांटकर ही लाॅकडाउन पर कुछ छूट दी जा सकती है. अखबार ने लिखा है कि भारत में कोरोना पीड़ितों की संख्या आठ हजार के पार पहुंच गयी है. पंजाब के पटियाला में निहंगों के हंगामे की खबर भी अखबार में है, जिसका शीर्षक है – लाॅकडाउन लागू करवा रहे पुलिसकर्मी का हाथ काटा. रामगढ से खबर है कि क्वारंटाइर सेंटर में बुरे व्यवहार के आरोप में दो डाॅक्टरों पर केस. अखबार ने यह खबर दी है कि कोरोना से ठीक हुए लोगों में दोबारा संक्रमण का खतरा रहता है. अखबार ने एक बाइलाइन स्टोरी दी है कि 10 अप्रैल को भारतीय सेना की कार्रवाई में 15 पाकिस्तानी सैनिक व आठ आतंकी ढेर हुए थे.
दैनिक जागरण की लीड खबर का शीर्षक है : हिंदपीढी के कोरोना संक्रमित की मौत. अखबार ने लिखा है कि राज्य में कोरोन मरीजों की संख्या 19 हो गयी. अखबार ने लिखा है कि हिंदपीढी के मृतक का शव दफनाने के लिए दिन भर बवाल होता रहा, देर रात हिंदपीढी में सुपुर्द-ए-खाक. रात 1.15 बजे बच्चा कब्रिस्तान में शव को दफनाया गया, लोग आबादी से दूर शव दफनाने की मांग कर रहे थे. एक खबर है कि बंद पड़े औद्योगिक पहियों को चलाने की तैयारी है और सरकार 15 प्रकार के उद्योगों को संचालन की अनुमति दे सकती है. वहीं, यह खबर भी है कि राज्य आज लाॅकडाउन बढाने पर फैसला लेगा. पटियाला में निहंगों के बवाल व एएसआइ का हाथ काटे जाने की खबर अखबार ने दी है. अखबार ने बोकारो के सिविल सर्जन अशोक कुमार पाठक की कहानी छापी है कि इन दिनों उनका पूरा परिवार कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है. उनकी पत्नी, बेटी व दामाद सभी डाॅक्टर हैं. वहीं, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को तीन महीने तक मुफ्त गैस रिफील मिलने की खबर भी है.
दैनिक भास्कर की लीड खबर है : हिंदपीढी के संक्रमित बुजुर्ग की रिम्स में मौत, लोग अड़े, किसी भी कब्रिस्तान में दफनाने ही नहीं दिया. अखबार ने एक खबर दी है कि झारखंड के तीन अस्पतालों में कोरोना की जांच शुरू हुई है और इसके लिए जिले बांटे गए हैं. इनमें रिम्स रांची, एमजीएम जमशेदपुर के अलावा पीएमसीएच धनबाद का नाम जुड़ा है. संबंधित केंद्र को आसपास के जिलों की जिम्मेदारी दी गयी है. अखबार ने 500 वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गयी कोरोना जांच प्रश्नावली के हवाले से खबर दी है कि किचन में मसाले चखें पता चल जाएगा कोरोना है या फ्लू. अखबार ने यह खबर दी है कि कोरोना संक्रमण व लाॅकडाउन के कारण शादियों पर कैसे आफत आ गयी है और जून में मात्र तीन लगन पर दबाव बढ जाएगा. और, उसके बाद मार्च तक मात्र छह लगन हैं.


