बिहार : सीवान बना सूबे में कोरोना का सबसे हाॅट स्पाॅट, अकेले 20 मामले, कुल 51 मरीज

पटना : बिहार का सीवान जिला सूबे में कोरोना का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है. अकेले सीवान जिले में कोरोना के कुल 20 मामले पाए गए हैं. वहीं, बिहार में कोरोना पीड़ित कुल मामलों की संख्या बढकर 51 हो गयी है. राज्य में अबतक कोरोना से एक मरीज की मौत हुई है जबकि 15 लोग इस बीमारी से ठीक भी हुए हैं. इससे पहले बिहार में 43 कोरोना केस थे. यानी 24 घंटे के दौरान आठ नए केस जुड़े हैं.
सीवान से बड़ी संख्या में लोगों का विस्थापन हुआ है और वहां के लोग बड़ी संख्या में खाड़ी देशों में भी रहते हैं. इसे भी कोरोना के अधिक संक्रमण की वजह माना जा रहा है. राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में 3115 क्वारंटाइन सेंटर बनाया है, जहां बाहर से आने वाले लोगों को रखा गया है ताकि अगर उनके अंदर संक्रमण हो तो वह दूसरों में नहीं फैले.


