रांची के अखबार : कोरोना महामारी में उम्मीदों के दीये से जगमग देश, USA में अबतक आठ हजार मरे, गढवा में भूख से मौत का दावा

रांची : रांची से छपने वाले अखबारों में कल रात कोरोना महामारी को लेकर जागरूकता लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देश में जलाए गए दीये अहम खबरें हैं. इसके अलावा दूसरी खबरें भी हैं.
प्रभात खबर की लीड खबर का शीर्षक है: जगमग हुआ देश, जले उम्मीदों के दीये. अखबार ने लिखा है कि कोरोना के अंधकार को मिटाने की पहल हुई और प्रधानमंत्री की अपील पर मनी खास दिवाली. एक अहम खबर है कि केंद्र ने राज्यों से कहा कि समुदाय स्तर पर कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पहल करें. यह खबर भी है कि रेल यात्रा के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य किया जा सकता है और 14 अप्रैल के बाद ही स्कूल व काॅलेज खोलने पर फैसला लिया जाएगा. अखबार ने लिखा है कि अमेरिका में अबतक कोरोना से आठ हजार से अधिक लोग मरे हैं, डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से मदद मांगी है. झारखंड से खबर है कि कोरोना को लेकर दीया जलाने के दौरान 500 मेगावाट बिजली की मांग घटी और आपूर्ति सुचारू रही. एक खबर अखबार ने दी है कि राज्य के सरकारी स्कूलों में चलेगी आनलाइन क्लाॅस, इसके लिए मंजूरी मिल गयी है.
हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है : दीये संग कोरोना से मुक्ति की दुआ. अखबार ने लिखा है कि करोड़ों देशवासियों ने प्रधानमंत्री की अपील पर दीपक व टार्च जलाए. अखबार ने केंद्र सरकार के हवाले से लिखा है कि कोरोना 274 जिलों में फैल चुका है. अखबार ने दूसरी प्राथमिकता बोकारो में कोरोना मरीज मिलने को दिया है. शीर्षक है: चिंता बढी: बोकारो की महिला निकली कोरोना संक्रमित. अखबार ने एक खबर दी है कि देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित दिल्ली में हैं. यहां कोरोना पेसेंट की संख्या 500 के पार कर गयी, जबकि देश में यह संख्या 3577 है. एक खबर है कि गढवा में एक वृद्धा की मौत हो गयी, पति ने दावा किया कि भूख से उसकी मौत हुई है. चतरा के लावालौंग से खबर है कि झोलाछाप की लापरवाही में तीन नवजात ने तोड़ा दम. जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा से खबर है कि नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश कर रहे पांच आतंकवादी मार गिराए गए और तीन जवान शहीद हो गए. अखबार ने हजारीबाग के एक शख्स की कहानी छापी है जो मां की दवा लाने के लिए साइकिल से ही रांची गया और दवा लेकर लौटा. उसने 220 किमी साइकिल चला कर कोरोना लाॅकडाउन में दर्द से कराहती मां को दवा उपलब्ध करायी. यह खबर भी है कि 40 हजार भारतीय नाविक विदेश में फंसे हैं.
दैनिक जागरण की लीड खबर का शीर्षक है : संकल्प, समर्पण व समर्थन की दिवाली. अखबार ने लिखा है कि पीएम मोदी की अपील पर रात नौ बजे नौ मिनट के लिए पूरा देश रौशनी से हुआ जगमग. अखबार के अनुसार, 130 करोड़ भारतीयों ने कोरोना के खिलाफ युद्ध में एकजुटता दिखायी. अखबार ने दूसरी अहम खबर दी है कि झारखंड में कोरोना से एक और तबलीगी कोरोना संक्रमित. यह महिला बोकारो की है जो बांग्लादेश से तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होकर लौटी है. दिल्ली से एक खबर है कि तबलीगी जमात ने देश में कोरोना का संकट दोगुना कर दिया. वहीं, एक खबर है कि पाकिस्तान ने एयर इंडिया से कहा हमें आप पर गर्व है. कोरोना महामारी के खिलाफ संघर्ष को लेकर रांची से एक खबर है डाॅक्टरों, पारा मेडिकल कर्मियों के अलावा सहिया का भी बीमा.
दैनिक भास्कर की पहले पन्ने की प्रस्तुति अन्य अखबारों से अधिक प्रभावी है. अखबार ने ब्लैक शेड में कल रात नौ बजे देश भर में दीये जलाने का फोटो छापा है और पीएम मोटी के इंसर्ट फोटो के साथ शीर्षक दिया है करोड़ों हथेलियों में जले उम्मीदों के ज्योति कलश. इसके साथ ही यह खबर दी है कि कोरोना का तीसरा पाॅजिटिव बोकारो में मिला. अखबार ने बोकारो की उक्त कोरोना संक्रमित महिला को लेकर लिखा है कि गांव वाले बोले जमात के कार्यक्रम में ढाका गयी थी महिला, लेकिन प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है. एक खबर है कि ट्रंप ने भारत से मांगी मलेरिया की दावा, कुछ घंटे के बाद भारत ने निर्यात पर पाबंदी सख्त की. अखबार ने एक खबर दी है कि देश में पहली बार 24 घंटे में 30 मौतें, 623 नए मरीज. वहीं, अखबार ने कोरोना महामारी के दौरान कुछ लोगों के निश्छल सेवा पर स्टोरी छापी है, जिसका हेडिंग दिया है: पेशे से लेखक, एचआर हेड, इंजीनियर हैं, लेकिन लोगों को संकट में देखकर बन गए कुक व सेवादार, आॅनलाइन पहुंचा रहे हैं मदद.


