#ModiVideoMessage PM मोदी का देश के नाम संदेश, पांच अप्रैल को रात नौ बजे नौ मिनट का समय देश के लिए मांगा

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी को लेकर आज दस मिनट का एक वीडियो संदेश देश को दिया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी को लेकर लाॅकडाउन के आज नौ दिन हो गए. आपने देश का पूरा सहयोग किया, इससे लड़ने का आभार जताया, जिसकी प्रशंसा हो रही है. इस चुनौतीपूर्ण समय में आपने देश की सामूहिक शक्ति का अहसास कराया. यह भाव मजबूत हुए कि देश कोरोना से एक साथ लड़ सकता है.
उन्होंने कहा कि यह भाव मन में आता है कि इतनी बड़ी महामारी से हम अकेले कैसे लड़ेंगे और यह लाॅकडाउन न जाने कितने दिनों तक चलेगा. उन्होंने कहा कि जब जब देश ऐसी मुश्किल लड़ाइयों से लड़ा है जनता रूपी विशाल ताकत हमारा मार्ग अधिक स्पष्ट करता है.
#WATCH via ANI FB: Prime Minister Narendra Modi shares a video message with the nation. (Courtesy: DD) https://t.co/s6NjZ0Ry3Q pic.twitter.com/lRciRoefyQ
— ANI (@ANI) April 3, 2020
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से फैले अंधकार के बीच हमें निरंतर प्रकाश की ओर जाना है जो इस कोरोना संकट से सबसे अधिक प्रभावित हैं, हमारे गरीब भाई-बहन उन्हें कोरोना संकट से निराशा से आशा की ओर ले जाना है. इस कोरोना संकट से जो अंधेरा पैदा हुआ है, उसे खत्म कर हमें उजाले की ओर बढना है.
उन्होंने कहा कि हमें कोरोना के अंधेरे के खिलाफ प्रकाश को तेज करना है. इस रविवार यानी पांच अप्रैल को हमें अपनी महाशक्ति को जागृत करना है. हमें 130 करोड़ जनता की महाशक्ति को नयी उचाइयों पर ले जाना है. पांच अप्रैल को रात नौ बजे घर की सभी लाइटें बंद करके घर के दरवाजे पर खड़े रहकर नौ मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया, टार्च या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाएं. अगर उस समय घर की सभी लाइटें बंद करेंगे और चारों तरफ जब हर व्यक्ति एक एक दीया जलाएगा तो प्रकाश की उस शक्ति का अहसास होगा कि एक ही लक्ष्य के लिए हम सब मिल कर लड़ रहे हैं. उस प्रकाश में अपने मन में हम यह संकल्प करें कि हम अकेले नहीं हैं, कोई भी अकेला नहीं है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस आयोजन के दौरान किसी को कहीं पर भी इकट्ठा नहीं होना है. अपने घर के दरवाजे व बाॅलकोनी से ही इसे कर लेना है. सोशल डिस्टेंसिंग की लक्ष्मण रेखा को कभी भी लांघना नहीं है. उसे किसी भी हाल में तोड़ना नहीं है. कोरोना की चेन तोड़ने का यही रामबाण इलाज है. इसलिए 5 अप्रैल की रात नौ बजे कुछ पल अकेले बैठकर मां भारती का स्मरण कीजिए, 130 करोड़ देशवासियों के चेहरे की कल्पना कीजिए, ताकत का अहसास कीजिए कि संकट की इस घड़ी से लड़ने का हमें ताकत मिले. हमारे उत्साह से दुनिया में ऐसा कुछ भी नहीं है कि हम इस ताकत से उसे हासिल नहीं कर सकें.


