#Coronavirus : बिहार के सीतामढी में बाहर से आए व्यक्ति की सूचना देने वाले युवक की पीट कर हत्या

पटना : बिहार के सीतामढी में एक खौफनाक घटना घटी है. सीतामढी जिले के माधौल गांव के एक युवक की पीट कर सिर्फ इस वजह से हत्या कर दी गयी कि उसने महाराष्ट्र से लौटे दो लोगों की सूचना कोरोना हेल्पलाइन पर दे दी थी. मृतक युवक का नाम बबलू कुमार है. यह गांव रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है. उक्त युवक का उद्देश्य सिर्फ इतना था कि संबंधित व्यक्ति की जांच हो जाए ताकि गांव में संक्रमण का खतरा नहीं हो. युवक की सूचना के बाद महाराष्ट्र से गांव लौटे दो युवकों को मेडिकल व पुलिस की टीम साथ ले गयी और जांच कराने पर उन्हें कोरोना नहीं पाया गया.
Bihar: A man was beaten to death by 2 people, who had returned from Maharashtra, & their families y’day in Sitamarhi’s Madhaul village. The deceased had informed Corona help center about their return which had allegedly angered families of the 2 people.7 people have been arrested
— ANI (@ANI) March 31, 2020
इसके बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया गया. लेकिन, दोनों युवकों ने गांव आने के बाद अपने परिवार के लोगों के साथ सूचना देने वाले युवक को पीट-पीट कर मार डाला. वे इस बात से नाराज थे कि उसने कोरोना हेल्पलाइन को इसकी सूचना क्यों दी.
इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच चल रही है. यह घटना सोमवार की है. मारे गए युवक के परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया है.
मृतक के भाई गुड्डू के बयान पर पुलिस ने गांव के ठगा महतो, सुधीर कुमार, विकास महतो, मदन महतो, दीपक कुमार और मुन्ना महतो को अभियुक्त बनाया है.




