सीएम हेमंत सोरेन ने लोगों से की अपील, कहा अफवाह नहीं, सही जानकारी करें साझा

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी जिलों के उपायुक्तों एवं अधिकारियों को कोरोना वायरस से सम्बंधित जारी निर्देश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोरोना वायरस से जुड़ी अफवाहों से बचें। अफवाहों पर ध्यान न देकर, सही जानकारी साझा करें। हम सामाजिक सहयोग के माध्यम से इस संक्रमण की रोकथाम कर सकते हैं। कोरोना वायरस से किसी को घबराने की जरूरत नहीं। हमें सदैव सजग और सचेत रहना है। साथ ही मुख्यमंत्री ने उपायुक्त चाईबासा को जिला में सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के निमित रणनीति बनाने का निदेश दिया।
सीएम सोरेन ने कहा कि चूक कहां और क्यों हो रही है। उनकी जानकारी में राज्य में पर्याप्त ममता वाहन की उपलब्धता है। सभी उपायुक्त 108 एम्बुलेंस के साथ ममता वाहन की समीक्षा कर लोगों को सेवा प्रदान करने हेतु रणनीति बनायें, जिससे ऐसे मामलों पर पूर्ण विराम लग सके।
मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि गुदड़ी प्रखंड स्थित कीचिंडा गांव निवासी दानियाल बरजो को समय पर एम्बुलेंस/ ममता वाहन नहीं मिलने की वजह से प्रसुता की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम ने चाईबासा उपायुक्त को मामले की जाँच कर कड़ी कार्रवाई करते हुए सूचित करने का आदेश भी दिया।


