रांची के अखबारों की सुर्खियां : महामारी में भी पाकिस्तान को याद आया कश्मीर, आरपीएन पर बरस पड़े फुरकान, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबारों में आज कोरोना सहित अन्य दूसरी खबरें प्रमुखता से है.

प्रभात खबर की लीड स्टोरी है : डरिए मत, अपनी परंपराओं की ओर लौटिए, कोरोना से निबट लेंगे हम. अखबार ने धार्मिक पंरपराओं को आइसोलेशन व सेनेटाइजेशन से जोड़ा गया है और कहा गया है कि हमारी परंपरा में ये चीजें पहले से हैं. कोरोना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दक्षेण देशों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग की खबर भी है. भारत ने एक करोड़ डाॅलर का कोष बनाने का भी एलान किया है. इमरान खान को छोड़ कर बाकी सभी देशों के प्रमुख वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शामिल हुए. एक खबर है कि पलामू में विदेश से लौटे 19 लोगों को चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है. वहीं, यह खबर संक्षेप में है कि राज्य कर्मियों को 21 प्रतिशत डीए मिलेगा. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि रांची रेलवे स्टेशन पर यात्री बहुत कम हो गए हैं. बोगियों को सेनेटाइज करने के लिए फागिंग किया गया है. अखबार के कवर पेज – 2 पर खबर है कि ओलावृष्टि एवं बारिश से करोड़ों की फसल बर्बाद, किसानों की टूटी कमर. 20 करोड़ से अधिक के मूल्य की फसल बर्बाद हो गयी. सबसे अधिक 10 करोड़ की फसल का नुकसान हजारीबाग में हुआ है. एक खबर है कि झारखंड के सात विश्वविद्यालयों में इनवायरमेंटल साइंस के शिक्षक नहीं हैं. खूंटी जिले के तोरपा-कर्रा इलाके की खबर है कि 40 महिलाएं 80 गांवों को आदर्श बनाने में जुटी हैं. चंद्रशेखर आजाद द्वारा आजाद समाज पार्टी के गठन करने की खबर भी है और एक खबर है कि एशिया में मीठे पानी का सबसे बड़ा जलस्रोत बिहार की कावर झील सूख गयी है.

हिंदुस्तान की लीड खबर है : देश में कोरोना मरीज सौ के पार. अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्क देशों के साथ इस पर किए गए वीडियो कान्फ्रेंसिंग की खबर को भी छापा है. एक महत्वपूर्ण खबर है कि अब डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड से बिना पिन लेनदेन नहीं होगा. जम्मू कश्मीर में चार आतंकवादियों के मारे जाने की भी खबर है. अखबार ने संभावना जतायी है कि आज झारखंड का मौसम साफ हो जाएगा. यह खबर भी है कि कमलनाथ की अग्निपरीक्षा आज होगी यानी उन्हें शक्ति परीक्षण से गुजरना पड़ सकता है. अखबार ने कोल्हान विश्वविद्यालय में वेतनमान फर्जीवाड़ा हुआ है.

दैनिक जागरण की लीड खबर है : महामारी में भी पाकिस्तान को याद आया कश्मीर. यह खबर कोरोना पर सार्क देशों के वीडियो कान्फ्रेंसिंग में पाकिस्तान द्वारा अपने मुल्क को छोड़ जम्मू कश्मीर में इस बीमारी को लेकर चिंता जताने से संबंधित है. यह खबर भी है कि देश में कोराना के मामले बढ कर 111 हो गए. अखबार ने खबर दी है कि डेबिट व क्रेडिट कार्ड के लिए नए नियम आज से लागू होंगे और ट्रांजेक्शन के लिए पिन जरूरी होगा. अनंतनाग में हुए मुठभेड़ में हिजबुल व लश्कर के चार आतंकियों के मारे जाने की खबर है. मध्यप्रदेश में सरकार और राज्यपाल बहुमत के सवाल पर आमने-सामने आ गए हैं. यह खबर भी है.

कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने आरपीएन सिंह पर हमला बोला है. जागरण को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि लोकसभा में अपनी जमानत गंवाने वाले हमें नसीहत नहीं दें. फरकान ने कहा है कि आरपीएन सिंह का पार्टी के लिए कोई योगदान नहीं है और वे सोनिया गांधी व राहुल गांधी के साथ विश्वासघात कर रहे हैं. फुरकान ने यह भी कहा है कि उनके साथ कई लोग हाईकमान से आरपीएन की शिकायत ही करेंगे. उन्होंने चार-पांच लड़के रखे हैं जो उनकी हां में हां मिलाते हैं. फुरकान ने यह भी कहा कि कांग्रेस के 16 विधायक अपने बूते जीत कर आए हैं. यह खबर भी है कि भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी दीपक प्रकाश ने सरयू राय से मिल कर समर्थन मांगा है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More