रांची के अखबारों की सुर्खियां : झारखंड की 150 कंपनियों ने किया PF घोटाला, 4102 किलो नकली पनीर जब्त, अन्य खबरें

रांची : रांची से छपने वाले प्रमुख अखबार आज होली के रंग में रंगे हैं. अखबार में यश बैंक संकट व राणा कपूर की गिरफ्तारी, कोरोना वायरस के बढते मामले अहम खबरें हैं. इसके साथ ही रांची में नकली पनीर जब्त किए जाने की खबर को दैनिक जागरण एवं दैनिक भास्कर ने लीड खबर के रूप में छापा है. हिंदुस्तान व जागरण के पहले पन्ने पर एक-एक खबरें ऐसी हैं, जो अलग हैं.

प्रभात खबर ने इस मौके पर कवर पेज पर विशेष प्रस्तुति दी है और यह बताया है कि यश बैंक संकट व कोरोना वायरस से थोड़ा हटकर होली तो खेल लें. प्रभात खबर ने पेज – 2 पर एक अशोक प्रियदर्शी का होली पर एक आलेख छापा है: ऐसे हुरियारिनों से डरे हैं बड़े-बड़े बरियार. यह उनका बनारसी होली का संस्मरण है. अखबार ने समाज की दशा बताने वाली दो खबरें छापी हैं और सवाल उठाया है कि कहां समाज जा रहा है. इसमें एक कोडरमा में एक नाबालिग लड़के की इश्कबाजी में हत्या की खबर है तो दूसरा गुमला में डायन बिसाही का आरोप लगाकर पूरे परिवार को गांव से बहिष्कृत करने का मामला है. यश बैंक के ग्राहको के लिए एक राहत भरी खबर है कि वे किसी भी एटीएम से पैसे निकाल सकेंगे. वहीं, इसके संस्थापक राणा कपूर की गिरफ्तारी व 11 मार्च तक इडी के रिमांड पर रहने की खबर भी है. अखबार ने खबर दी है कि होली के दिन बारिश हो सकती है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. होली के सुरक्षा को लेकर खबर है कि महिला को जबरन रंग लगाया तो कार्रवाई. सुरक्षा को लेकर रैफ सहित जिला बल के तीन हजार अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे.

हिंदुस्तान की लीड खबर है : पर्दाफाश: झारखंड की 150 कंपनियों में पीएफ घोटाला. अखबार ने लिखा है कि सरकार से बेरोजगारों को रोजगार का दावा कर पीएफ की हिस्सेदारी ले ली. अखबार ने यश बैंक संस्थापक राणा कपूर की गिरफ्तारी एवं उनकी बेटी को ब्रिटेन जाने से रोकने की खबर भी दी है. दिल्ली से एक खबर है कि डाॅक्टर व वकील भी उपभोक्ता कानून के दायरे में आएंगे. यह खबर भी है कि केरल में कोरोना के पांच और नए मामले मिले. प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया एकाउंट पर सात महिलाओं ने अपनी अपनी गाथा साझा की, इस खबर को अखबार ने संक्षेप में लगाया है. अखबार ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त करती महिला का फोटो पेज वन पर छापा है, वहीं टाॅप में यह स्टोरी दी है कि इस होली दहन करें बुराइयों के पांच दानव.

दैनिक जागरण ने भी होली पर कवर पेज के बैक में विशेष आयोजन किया है और पहले पन्ने पर एक तसवीर होली की छापी है. रांची से अखबार की लीड खबर है: होली में मिलावटखोरों पर नकेल, 4102 किलो नकली पनीर जब्त. अखबार ने लिखा है कि 15 किलो घी भी जब्त किया गया है. यह कार्रवाई पटना, आरा व बख्तियारपुर से रांची आ रही बसों पर की गयी और चार बसों से सामान जब्त किया गया. इन्हें होली में खपाने की तैयारी थी. एक खबर है कि कोल इंडिया पटना, लखनउ व चंडीगढ में सेल्स आॅफिस बंद करेगी. झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को समय से पहले स्थगित किए जाने की संभावना जताते हुए अखबार ने खबर दी है. ऐसा सदन में भारी गतिरोध को देखते हुए किया जा सकता है. अखबार ने दिल्ली से खबर दी है कि देश में कोरोना के सात नए मामले मिले, वहीं बंगाल व लद्दाख में एक-एक संदिग्ध मरीज की मौत हो गयी. अखबार ने खबर दी है कि सात महिलाओं ने चलाए पीएम मोदी के सोशल मीडिया एकाउंट सुनाई अपनी कहानी. अखबार ने पहले पन्ने पर 103 साल की एथलिट मान कौर द्वारा पीएम मोदी को आशीर्वाद दिए जाने की तसवीर छापी है. मान कौर को कल ही राष्ट्रपति से नारी शक्ति पुरस्कार मिला, उसके बाद वे इस पुरस्कार से सम्मानित अन्य महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने गयी थीं.

दैनिक भास्कर की लीड खबर है : बिहार से आया जहर…यूरिया, कास्टिक सोडा मिला 4102 किलो पनीर जब्त. अखबार ने लिखा है सफेद पनीर का काला धंधा, होली के रंग में भंग डालने की कोशिश. यह भी उल्लेख है कि इसकी गुणवत्ता इतनी खराब थी कि नदी किनारे इसे दफन करना पड़ा. बिहार से आने वाली 18 बसों की जांच की गयी, जिसमें पांच में नकली पनीर मिला. यश बैंक संकट की खबर का शीर्षक है: सुबह राणा अरेस्ट, शाम को विदेश जा रही बेटी को एयरपोर्ट पर रोका. लातेहार से एक खबर है कि आदिम जनजाति परिवार के तीन सदस्य नदी में बहे. आइएस से जुड़े कश्मीरी दंपती की गिरफ्तारी की भी खबर है, उनके पास से जिहादी दस्तावेज व गैजेट जब्त किए गए हैं. यह कार्रवाई दिल्ली दंगों की जांच से जुड़ी है. एक खबर है: 2800 महिला समूह बनाकर 28 हजार को स्वरोजगार दिलाने वाली झारखंड की चामी मुर्मू को मिला नारी शक्ति पुरस्कार. अखबार ने राष्ट्रपति से अन्य नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त महिलाओं का इसके साथ जिक्र किया है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More