रांची के अखबारों की सुर्खियां : झारखंड में आरक्षण में नहीं होगा बदलाव, झामिवो के भाजपा में विलय को मंजूरी, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबारों में आज झाविमो के भाजपा में विलय को चुनाव आयोग की मंजूरी, यश बैंक का संकट, रांची नगर निगम की कार्यशैली पर हाइकोर्ट की तल्ख टिप्पणी बड़ी खबरें हैं. स्थानीय नीति को लेकर सरकार का बयान व आरक्षण में बदलाव से सरकार का इनकार अहम खबरें हैं.
प्रभात खबर ने पहले पन्ने पर टाॅप में स्थानीय नीति की खबर छापी है. विधानसभा में सवाल-जवाब के हवाले से एक अखबार की छपी खबर के बाद सरकार की ओर से स्पष्टीकरण आया कि 1932 का खतियान ही मान्य होगा. मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि वर्तमान में मान्य 1985 की स्थानीय नीति बदली जाएगी और 1932 के खतियान को ही इसके लिए आधार माना जाएगा. दरअसल, पहले सरकार के लिखित जवाब में कहा गया था कि स्थानीय नीति को बदलने की कोई योनजा नहीं है. यह जवाब विधायक विनोद सिंह के सवाल के जवाब में आया था. अब नयी घोषणा पर विधायक विनोद सिंह ने कहा है सरकार की नीति साफ नहीं है, भ्रम की स्थिति है. एक दूसरी खबर है कि झाविमो के भाजपा में विलय को चुनाव आयोग ने मंजूरी दे दी और प्रदीप यादव एवं बंधु तिर्की के निष्कासन को भी ही सही बताया. इससे यह संभव है कि बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा देने की राह खुल जाए. वहीं, राज्यसभा चुनाव पर सरयू राय एवं सुदेश महतो ने कहा कि पहले भाजपा प्रत्याशी तय करे, तब फैसला लेंगे. प्रदेश में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होना है, एक पर शिबू सोरेन का जीतना तय है लेकिन दूसरी सीट पर सत्ता पक्ष व विपक्ष में कड़ी टक्कर होगी. यशबैंक के संकट पर वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने इसके ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि उनका पैसा सुरक्षित है. इसके ग्राहक बैंक व एटीएम से पैसा निकालने को लेकर परेशान रहे. वहीं, एसबीआइ ने इसमें हिस्सेदारी खरीदने में रुचि दिखायी है. अंदर के पन्ने पर हाइकोर्ट से एक खबर है कि कांके डैम पर अतिक्रमण कर हो रहे निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए.
हिंदुस्तान की लीड खबर है : झाविमो की भाजपा में विलय को चुनाव आयोग की मंजूरी. पार्टी का निबंधन रद्द कर दिया गया है और चुनाव चिह्न कंघी छाप जब्त कर लिया गया है. जमशेदपुर से एक खबर है कि 1200 एटीएम कार्ड क्लोन कर लाखों रुपये उड़ा लिए. झारखंड के लिए एक राहत बड़ी खबर है कि यहां कोरोना वायरस का एक भी मरीज नहीं मिला है. अखबार ने रिम्स में इस बीमारी से बचाव की तैयारियों की खबर भी छापी है. भू राजस्व विभाग के प्रभारी मंत्री जगरनाथ महतो ने विधानसभा में कहा है कि अधिग्रहित भूमि का उपयोग नहीं किया जाएगा तो इसे रैयत को वापस किया जाएगा. उन्होंने प्रदीप यादव के सवाल के जवाब में यह बात कही. यस बैंक संकट पर अखबार की खबर है ग्राहक खौफ में, सरकार सक्रिय. इस बैंक के संस्थापक राणा कपूर के घर पर इडी ने छापे भी मारे हैं. मनी लाउंड्रिंग का संदेह है. हाइकोर्ट की टिप्पणी है: रांची नगर निगम ने शहर का भट्ठा बैठा दिया है. अदालत ने कहा कि बिना सड़क के ही भवनों का नक्शा पास कर निगम ने शहर का भट्ठा बैठा दिया है.
दैनिक जागरण ने रांची नगर निगम पर हाइकोर्ट की टिप्पणी को लीड खबर बनाया है. शीर्षक है : बिना सड़क नक्शे पास कर निगम ने बैठाया शहर का भट्ठा. हाइकोर्ट ने कांके डैम पर अतिक्रमण कर किए जा रहे निर्माण कार्य को तुरंत रोकने का भी आदेश दिया है. अखबार ने खबर दी है कि लोकसभा में निलंबन पर घमासान, जांच के लिए कमेटी बनी. स्पीकर ओम बिड़ला ने कांग्रेस के सात सांसदों को परसों निलंबित कर दिया था. केंद्र ने एक फैसला लिया है कि भ्रष्ट सरकारी अफसरों का पासपोर्ट नहीं बनेगा. इससे उनका विदेश भागना आसान नहीं होगा. हाइकोर्ट की एक और तल्ख टिप्पणी को अखबार ने अंदर के पन्ने पर रखा है. हाइकोर्ट ने कहा कि जीर्णाेद्धार के नाम पर मलूटी मंदिर का किया शिलान्यास. जागरण ने कवर पेज टू पर झाविमो के भाजपा में विलय की मंजूरी की खबर छापी है. कृषि मंत्री बादल ने कहा है कि कृषि एवं पशुपालन विभाग में घोटाले की भरमार है, कोई दोषी नहीं बचेगा. अखबार ने खबर दी है कि एससी, एसटी ओबीसी का आरक्षण नहीं बढेगा. कार्मिक विभाग ने यह स्पष्ट किया है, अभी इन्हें संयुक्त रूप से 60 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त है. विधानसभा में सुदेश महतो के ध्यानाकर्षण सूचना के जवाब में कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने यह स्पष्ट किया है. यह भी कहा है कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है.


