अब आठ लाख तक के आय वालों के इलाज में सुविधा मुहैया कराएगी राज्य सरकार

रांची: झारखंड विधान सभा में आज वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए बजट पेश किया। इस बजट में उन्होंने हेल्थ सेक्टर के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। इस बजट में आठ लाख रूपए तक के वार्षिक आय वाले परिवारों को गंभीर रोगों के इलाज में सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इसके अलावा लोहरदगा, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, बोकारो, खूँटी, गोड्डा, और रामगढ़ में नर्सिंग स्कूल खोले जाने की घोषणा की गयी।

जानिए सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए क्या घोषणा की ?

  • आठ लाख या उससे नीचे के आय वर्ग के परिवारों के देश के प्रमुख अस्पतालों में कैंसर, किडनी एवं गंभीर लीवर की बीमारियों के इलाज में आने वाले खर्च का वहन राज्य सरकार करेगी।
  • रांची स्थित रिनपास परिसर कांके में 300 बेड वाले कैंसर हॉस्पिटल खोला जाएगा एवं 100 बेड वाले अस्पताल का अगले वर्ष से संचालन किया जाएगा।
  • झारखंड में आगामी वित्तीय वर्ष में एक हजार 92 स्वास्थ्य उप केंद्रों को हेल्थ एवं वेलनेस केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिल सके।

 

  • आदिवासी बहुल इलाकों में कार्यरत डॉक्टरों को अतिरिक्त वित्तीय लाभ देने की योजना है। विशेषज्ञ डॉक्टरों को प्रतिमाह 40 हजार रुपए व अन्य डॉक्टरों को प्रतिमाह 25 हजार रुपए दिया जाएगा।
  • शहरी क्षेत्रों में सौ मोहल्ला क्लिनिक फ़िलहाल ऑपरेशनल हैं, जिनकी संख्या में और वृद्धि की जायेगी।

 

  • मोबाइल क्लिनिक से आदिवासी बहुल इलाकों के बाज़ार-हाट में घूम-घूमकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
  • राज्य के 14 जिलों में डायलेसिस केंद्र खोलने की भी योजना प्रस्तावित है। साथ ही कुशल नर्सिंग बल उपलब्ध कराने के लिए निजी संस्थानों को नर्सिंग विद्यालय खोलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More