रांची के अखबारों की सुर्खियां : जेपीएससी की परीक्षा में निगम-बोर्ड के कर्मियों को नहीं मिलेगी उम्र में छूट, डीजल होगी महंगी, अन्य खबरें

रांची : झारखंड से छपने वालो प्रमुख अखबारों ने आज अलग-अलग खबर को प्रमुखता दी है. जानिए किस अखबार ने किस खबर को प्रमुखता दी है.

प्रभात खबर ने आज पेज वन पर लीड खबर के रूप में झारखंड में बने राइट टू सर्विस एक्ट के अनुपालन की स्थिति पर खबर छापी है. इस खबर का शीर्षक है: समय पर नहीं किया जा रहा आपका काम, तो साहेब के लिए है सजा का इंतजाम. झारखंड में 2011 में राइट टू सर्विस एक्ट लागू हुआ, लेकिन इसके अनुपालन की स्थिति अच्छी नहीं है. अखबार ने ऐसे कुछ केस दिए हैं, जैसे नक्शा रिवीजन का काम सात-सात महीने से लटका कर रखा गया है, 25 दिनों से पासपोर्ट सत्यापन का काम लटका हुआ है. अखबार ने रांची व धनबाद नगर निगम व थाने में एसीबी की छापेमारी को इसी से लिंक किया है. एक खबर है कि जैक का फर्जी लोगो लगा कर 11वीं बोर्ड का परिणाम जारी कर दिया. अखबार ने एक खबर दी है कि फर्जी कंपनी बनाकर झारखंड में 1800 करोड़ के जीएसटी क्रेडिट की चोरी. अखबार ने लिखा है कि इनपुट क्रेडिट लेने वाली पांच हजार फर्जी कंपनियों की पहचान हुई है. अखबार ने दिल्ली से एक खबर छापी है कि हर जमीन का अपना यूनिक नंबर होगा. केंद्र ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया है और इसे राज्यों को भेजा जाएगा. इस खबर का शीर्षक है: किसकी कितनी जमीन व मकान जानना होगा आसान. झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की आज से शुरुआत होगी.

अखबार ने जेपीएससी की आयोजित होने वाली परीक्षा के संदर्भ में खबर दी है कि निगम, बोर्ड के कर्मियों को उम्र सीमा में छूट नहीं मिलेगी. यह खबर भी है कि पांचवें दिन दिल्ली में तनाव पूर्ण शांति है. झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज रांची आएंगे. अखबार ने एक खबर है दो करोड़ के टैबलेट खरीदे जो एक साल में ही हो जाएंगे एक्सपायर. यह खबर भी है कि लालू प्रसाद यादव को एम्स भेजने पर मेडिकल बोर्ड में सहमति नहीं बनी है. पटना से एक खबर है कि आंखों की पुतली स्कैन कर खाते से उड़ा रहे हैं पैसे.

हिंदुस्तान की लीड खबर है : डीजल पर छूूट खत्म करेगी सरकार. अखबार ने लिखा है कि झारखंड में डीजल ढाई रुपये महंगा हो जाएगा. ऐसे फैसले से इसकी कीमत 68.51 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी जो पेट्रोल से करीब दो रुपये कम होगी. हालांकि पड़ोसी राज्यों से झारखंड में डीजल सस्ता ही रहेगा. अखबार ने यह खबर दी है कि विधानसभा से अबतक बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं मिला है. अखबार ने शीर्षक दिया है: बजट सत्र आज से, नेता प्रतिपक्ष का पेच बरकरार. दिल्ली दंगों की खबर है: दिल्ली में शांति मगर दहशरत कायम. अखबार ने एक खबर दी है इस बार मार्च से मई तक गर्मी ज्यादा पड़ेगी.

दैनिक जागरण ने लीड खबर का शीर्षक दिया है : नयी विधानसभा में बजट सत्र आज से, टकराव के आसार. अखबार ने लिखा है कि पहले पूर्ण सत्र में अलग-अलग भूमिका में दिखेंगे राजनीतिक दल. अखबार ने लिखा है कि पहली बार नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी खाली रहेगी. मालूम हो कि बाबूलाल मरांडी को अभी तक नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं दिया गया है, जबकि मुख्य विपक्षी भाजपा ने उन्हें अपने विधायक दल का नेता चुन लिया है. इस खबर के साथ अखबार की पहले पन्ने की तसवीर खास है, जिसमें मुख्यमंत्री नवनिर्मित विधानसभा भवन में अपनी कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं. एक खबर है कि एनपीआर पर राज्यों को नए ढंग से मनाने की कोशिश की जाएगी.
अखबार की दिल्ली के दंगों पर खबर है: आप पार्षद पर हत्या का केस, घर से मिला ताबाही का सामान. इसके बाद आम आदमी पार्टी ने पार्षद ताहिर हुसैन को पार्टी से निकाल दिया है. एक खबर है: सरकार का आदेश, जारी रहेगी एसीबी की छापेमारी. खबर में इस बात का उल्लेख है कि भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए यह अभियान जारी रहेगा. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के रांची दौरे पर आने की खबर भी प्रमुखता से है.

दैनिक भास्कर ने दिल्ली के दंगों को लीड खबर बनाया है और इसका शीर्षक दिया है: दिल्ली का गुनहगार कौन. अखबार ने लिखा है कि अबतक 38 की मौत हुई है, 48 केस दर्ज हुए है और 136 दंगाई गिरफ्तार किए गए हैं. अखबार ने एक खबर दी है कि बिना सूचना के सिमडेगा व गिरिडीह के डीसी ने जनता दरबार रद्द किया और इसके लिए दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. रांची से एक खबर है कि सीएए व एनआरसी पर निकाले जाने वाले किसी भी जुलूस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आज रांची आने की खबर भी अखबर में है. महिला क्रिकेट की एक खबर है कि महिला टी – 20 विश्वकप के सेमिफाइनल में पहुचंने वाली भारत पहली टीम है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More