रांची के अखबारों की सुर्खियां : सीएम हेमंत ने 24 हजार पदों पर नियुक्ति का दिया निर्देश, अन्य राज्य के लोगों को आरक्षण नहीं, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबारों में आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे के साथ रांची हाइकोर्ट का आरक्षण संबंधी फैसला व बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की खबर प्रमुख है. इसके अलावा अखबारों ने अलग-अलग खबर को प्राथमिकता दी है.

प्रभात खबर ने आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लीड खबर बनाया है. अखबार ने इस खबर का शीर्षक दिया है: ट्रंप ने कहा – भारत के साथ दोस्ती स्थायी, मोदी बोले – हमारी ताकत आपसी विश्वास. अखबार ने अहमदाबाद के भव्य मोटेरा स्टेडियम में पीएम मोदी द्वारा ट्रंप व मेलेनिया के स्वागत की तसवीर छापी है. इसके साथ ही अमेरिका के इस प्रथम दंपती के ताजमहल देखने की तसवीर भी है. ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत को महान राष्ट्र बताया और विश्व के लिए इसे प्रेरक बताया. अखबार ने ट्रंप के आतंकवाद पर संबोधन को अलग से रेखांकित किया है. उन्होंने कहा कि कट्टर इस्लामिक आतंकवाद भारत सहित पूरी दनिया के लिए खतरा है. अखबार के अंदर के पन्ने पर एक खबर है जो ध्यान खीचंती है. इस खबर में कहा गया है कि अब बाल विवाह को रोकने के लिए कैटरर, टैंट हाउस वाले व प्रिंटिंग प्रेस वाले वर वधू का एज प्रूफ लेंगे. यह फैसला बाल कल्याण समिति के सिटी एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में लिया गया.

प्रभात खबर के कवर पेज – 2 पर एक खबर है कि लातेहार के चंदवा में बैंक के तगादे से परेशान किसानों ने अपनी कब्र खोद ली और उसमें लेट गए. यह वाकया शुक्र बाजारटांड़ की है. मौसम की मार से बर्बाद हुई फसल के कारण किसान परेशान हैं और उन्होंने आंदोलन आरंभ कर दिया. इसके बाद स्थानीय बीडीओ व अन्य अधिकारियों ने समझा कर आंदोलन खत्म कराया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 24 हजार रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति का आदेश दिया है. वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी में बाहरियों को जगह मिलने को लेकर चल रहे विवाद के बीच सभी नियुक्त अभ्यर्थियों को दो दिन के अंदर स्थानीय प्रमाण पत्र दिखाने को कहा गया है. अखबार में यह खबर है कि 20 साल बाद बाबूलाल मरांडी फिर भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए. एक खबर है कि पलामू में पिछले दिनों बाघिन के मारे जाने के बाद अधिकारियों ने बिना कमेटी को बताए उसका शव जला दिया था. इस पर विधायक सरयू राय ने सवाल उठाया है. आय से अधिक संपत्ति मामले में एनोस एक्का पर आज फैसला आने की संभावना है. वहीं, दिल्ली में सीएए के विरोध के नाम पर हिंसा की खबर अखबार में संक्षेप में है. एक खबर है कि केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि झारखंड में भूख से नहीं हुई मौत, राशन कार्ड रद्द करने का आरोप गलत है. वहीं, हाइकोर्ट से एक खबर है कि बिहार व दूसरे राज्यों के एससी, एसटी व ओबीसी को झारखंड में आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा. अखबार के अनुसार, लार्जर बेंच ने 2ः1 के बहुमत से यह फैसला दिया. संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा बाबा बैद्यनाथ में पूजा करने की तसवीर अखबार ने पहले पन्ने पर छापी है.

हिंदुस्तान ने भी ट्रंप की भारत यात्रा को लीड खबर बनाया है और मोटेरा स्टेडियम व ताजमहल की दो तसवीरें साथ छापते हुए खबर को शीर्षक दिया है: मोदी से दोस्ती, भारत से प्यार. हाइकोर्ट से खबर है कि झारखंड में बिहार के स्थायी निवासी को आरक्षण का लाभ नहीं. बाबूलाल के झारखंड भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की खबर है और अर्जुन मुंडा द्वारा उन्हें पुष्प गुच्छ से सम्मानित करने की तसवीर है. अखबार ने खबर दी है कि सोना पहली बार 44 हजार के पार चला गया और पीएफ के पैसों पर ब्याज दर कम किया जा सकता है. सीएए पर दिल्ली में हिंसा, पुलिसकर्मी समेत पांच की मौत. एक खबर है कि अयोध्या में मसजिद के साथ अस्पताल बनेगा.

दैनिक जागरण की लीड खबर भी ट्रंप की यात्रा पर है. इसका शीर्षक है: हमेशा रहेंगे भरोसेमंद दोस्त. अखबार ने मोदी-ट्रंप के गले मिलने की तसवीर छापी है और उसके बैक ग्राउंड में मोटेरा स्टेडियम में मौजूद विशाल भीड़ को रखा है. पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि हम सिर्फ रणनीतिक साझेदार नहीं हैं. अखबार ने लिखा है कि साबरमती आश्रम में ट्रंप ने गांधी को नमन किया और चरखा चलाया. अखबार ने अन्य प्रांतों के लोगों को झारखंड में आरक्षण का लाभ नहीं मिलने के हाइकोर्ट के फैसले, बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता बनने की खबर को प्राथमिकता दी है. एक खबर है कि जीएसआइ ने सोनभद्र में सोने के भंडार होने के दावे को फिर खारिज किया और कहा कि तीन हजार टन सोना होता तो 20 साल बाद रिपोर्ट साझा नहीं करते. अखबार के अदंर के पन्ने पर एक खबर है कि छोटा राजन ने 1998 में दाउद को मारने की योजना बनायी थी. वहीं, मुकेश अंबानी का एक बयान है कि एक दशक में तीसरी सबसे बड़ी इकोनामी भारत बन जाएगा.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More