रांची के अखबारों की सुर्खियां : भागवत ने जनसंख्या पर कानून की पैरवी की, आरक्षित नौकरी में हरियाणा-राजस्थान वालों का चयन, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबारों में आज स्थानीय खबरें ही प्रमुखता से हैं, जबकि पाकिस्तान को एफएटीएफ द्वारा ग्रे सूची में बनाए रखना एक अहम अंतरराष्ट्रीय खबर है. प्रभात खबर ने झारखंड के स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित एक नौकरी में अन्य राज्यों के लोगों की नियुक्ति पर खबर दी है. वहीं, हिंदुस्तान ने पाक पर एफएटीएफ के फैसले को बड़ी खबर बनाया है तो दैनिक भास्कर ने खूंटी हादसे को बड़ी खबर बनाया है. वहीं, दैनिक जागरण ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन को अहमियत दी है.

प्रभात खबर की लीड खबर का आज शीर्षक है: झारखंडियों के लिए रिजर्व नौकरी में हरियाणा, राजस्थान और यूपी के 30 का हो गया चयन. यह खबर सीएचओ यानी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी की नियुक्ति परीक्षा की है. इस परीक्षा में झारखंड का निवासी होना अनिवार्य शर्त थी. खूंटी से एक खबर है बस ने ट्रक को मारी टक्कर, महिला समेत दो यात्री की मौत, 24 घायल. रांची-खूंटी रोड पर जियारप्पा गांव के निकट यह हादसा हुआ. झारखंड सरकार बुजुर्गाें एवं छात्रों को मुफ्त बस सेवा देने की तैयारी कर रही है. परिवहन विभाग मार्ग तय करेगा और बुजुर्गाें व छात्रों का डेटा तैयार करेगा. वाहन वालों को भुगतान के तरीके पर विचार किया जा रहा है. ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि छात्र पढाई न छोड़ें और बुजुर्ग अपने उत्पाद हाट-बाजार में बेच सकें व शहर में इलाज करा सकें. महिला टी 20 क्रिकेट वल्र्ड कप की खबर है कि भारत का शानदार आगाज, आस्ट्रेलिया को 17 रनों से हराया.

इस अखबार ने खूंटी हादसे पर अंदर के पन्ने पर बड़ी स्टोरी की है और लिखा है कि इससे व्यवस्था की पोल खुल गयी. खूंटी सदर अस्पताल में चिकित्सक नहीं थे. खूंटी के एसपी ने घायलों के इलाज के लिए अपनी डाॅक्टर पत्नी को बुलाया. जब रिम्स में घायलों को ले जे जाया गया तो अफरा-तफरी मच गयी. घायलों को देखने के अर्जुन मुंडा व बाबूलाल मरांडी भी रिम्स पहुंचे.

हिंदुस्तान की लीड खबर है : पाक को राहत नहीं, ग्रे सूची में ही रहेगा. अखबार ने लिखा है कि आतंकवाद पर काबू में नाकामी पर एफएटीएफ का यह फैसला आया है. भारत ने उसे काली सूची में डालने का आग्रह किया है, इसकी वजह वहां कई खतरनाक आतंकी संगठनों की सक्रियता को बताया है. अखबार में यह खबर भी है कि खूंटी में ट्रक से टकराई बस, दो यात्रियों की मौत. आरएसएस चीफ मोहन भागवत का बयान है कि पहले संघ को जानें फिर धारणा बनाएं. अखबार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डाॅ हर्षवर्द्धन का यह बयान भी है कि कोरोना से संक्रमित एक भी मरीज में भारत में नहीं है. उन्होंने कहा कि चीन से लाटे तीनों लोग स्वस्थ होकर घर गए. राज्यों को सतर्क रहने को भी कहा गया है.

दैनिक जागरण ने दूसरे दिन भी संघ प्रमुख के रांची प्रवास व उनके बयान को लीड खबर बनाया है. खबर का शीर्षक है: संघ प्रमुख बोले – देश की जनसंख्या में हो संतुलन. कहा – ऐसा कानून बने जिससे देश का नुकसान नहीं हो, एक मत हों सभी. अखबार ने लिखा है कि भागवत ने जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की वकालत की, लेकिन उसके संतुलन पर भी जोर दिया. उन्होंने अपने रांची दौरे के दूसरे दिन राज्य के प्रमुख लोगों से संवाद करते हुए कहा कि अगले 30 सालों में 56 प्रतिशत लोग बूढे हो जाएंगे, उनकी देखभाल के लिए युवा चाहिए. अखबार ने लिखा है कि फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है कि वहां आतंकी फंडिंग बंद हो. यह खबर उसे ग्रे सूची में रखने के संबंध में है. वहीं, खूंटी हादसे की खबर इस अखबार ने भी पहले पन्ने पर दी है.

दैनिक भास्कर ने खूंटी हादसे को बड़ी खबर बनाया है. शीर्षक दिया है: दो बार हादसे से बची बस, तीसरी बार ट्रक से भीड़ी, दो की मौत, खूंटी के 14, रांची के चार जख्मी. अखबार ने लिखा है कि दो घंटे तक ट्रक में ड्राइवर फंसा रहा, फिर उसे गैस कटर से दरवाजा काट कर निकाला गया. अखबार ने लिखा है कि ड्राइवर रांची से ही तेज रफ्तार से बस चला रहा था. रास्ते से आ रही सोफियाना नामक एक अमेरिकी महिला ने यात्रियों की मदद की. उसका कथन है: फंसे ड्राइवर को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, सर्वाइकल काॅलर नहीं पहनाती तो वह जिंदा नहीं बचता. वहीं, एक खबर है कि चाईबासा नरसंहार की जांच एसटी आयोग करेगा.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More