रांची के अखबारों की सुर्खियां : कसाब को हिंदू आतंकवादी साबित करना चाहता था पाकिस्तान, अमर ने अमिताभ से मांगी माफी, अन्य खबरें

रांची: रांची से छपने वाले अखबारों ने आज अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है. आप खुद पढिए किस अखबार ने क्या लिखा है.

प्रभात खबर ने पहले पन्ने पर टाॅप बाॅक्स खबर दी है: मुंबई हमलों के दोषी मोहम्मद कसाब को हिंदू आतंकवादी साबित करने की पाकिस्तान ने साजिश रची थी. इसके लिए उसके हाथों में कच्चे धागे बांधे गए थे और उसे बेंगलुरु निवासी समीर दिनेश चैधरी का पहचान पत्र मुहैया कराया गया था. यह सारी साजिश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ ने रची थी. आइएसआइ व लश्कर ए तैयार मुंबई हमले को भारतीय हिंदुओं का हमला दिखाना चाहते थे. इसका खुलासा मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की पुस्तक लेट मी से इट नाउ में किया गया है. मारिया ने लिखा है कि कसाब से लागतार पूछताछ के बाद वह उन्हें सम्मान देने लगा था और जनाब कहता था. उसने उन्हें आतंकवाद व आतंकी संगठनों के बारे में बहुत सारी जानकारियां भी दी.

प्रभात खबर की लीड खबर है कि रिम्स में मरीज को सीधे एमआर दवा बेच रहे हैं और 25 प्रतिशत तक अधिक कीमत वसूल रहे हैं. अखबार ने लिखा है कि ट्रामा सेंटर में दवा कंपनियां पैर पसार रही हैं. अखबार के अनुसार, मरीज को डाॅक्टर ही एमआर का फोन नंबर उपलब्ध करवाते हैं. एक खबर है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषाहार नहीं बंटा, विभाग को देने होंगे 93 लाख. झारखंड राज्य खाद्य आयोग ने महिला एवं बाल विकास विभाग को यह आदेश दिया है. एक खबर है कि सिमडेगा के बानो में एक किसान ने आर्थिक तंगी में जान दे दी. उधर, बाबूलाल मरांडी ने यह बताया है कि झाविमो का भाजपा में विलय से पहले पार्टी के खाते का आडिट किया गया, पांच मोटइसाइकिल व बोलेरो कार्यकर्ताओं में बांटे गए. वहीं, अमर सिंह सिंगापुर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन से अपने कटु वचनों के लिए माफी मांगी है. अमर सिंह के पिता की कल पुण्यतिथि थी और उन्हें इस मौके पर बच्चन का एक संदेश मिला जिससे वे भावुक हो गए. अमर सिंह ने कहा कि वे इस समय जीवन व मौत से लड़ रहे हैं.

अखबार में शौचालय घोटाले से जुड़ी एक खबर है कि मां-बाप के खाते में घोटाले के 53 लाख रुपए जमा. यह गुमला जिले का मामला है. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि लालू यादव दांत दर्ज से परेशान थे, ऐसे में उनका दांत निकाला गया.

हिंदुस्तान ने खबर दी है कि दवाओं की कीमत 45 प्रतिशत बढ गयीं. अखबार के अनुसार, कोरोना वायरस के कहर से ऐसा हुआ है. इलेक्ट्रानिक उपकरणों के दाम में भी 30 प्रतिशत तक का उछाल आया है. वहीं, यह खबर भी है कि वकीलों के कार्य बहिष्कार से अदालतों में सुनवाई टली. अखबार ने खबर दी है कि देवघर जा रही रिम्स की डाॅक्टर के साथ किए गए दुव्र्यवहार के मामले में दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया. इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद ट्वीट के बाद एक्शन लिया. इस अखबार ने खबर दी है कि राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र की अयोध्या में मंदिर निर्माण को लेकर आज पहली बैठक होगी. वहीं, चार हजार पारा शिक्षकों मानदेय रोके जाने की भी खबर है. गुमला के जारी से 26 साल की एक लड़की की खबर है कि इलाज के लिए पैसे नहीं हैं इसलिए मानसिक रूप से बीमार उस लड़की को बेड़ियों में जकड़ कर रखा गया है. अमर सिंह के अमिताभ बच्चन से माफी की खबर इस अखबार में भी है.

दैनिक जागरण ने महिला डाॅक्टर से रांची से देवघर जाने वक्त किए गए दुव्र्यवहार की खबर को नए ढंग से आज पेश किया है. शीर्षक है: पुलिस की गुंडागर्दी, 18 किमी तक महिला डाॅक्टर का पीछा कर मचाया बवाल. डाॅक्टर से बुरा व्यवहार किया गया और उनके ड्राइवर को उन पुलिस वालों ने एके 47 के बट से पीटा. अखबार ने लीड खबर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बजट बैठक को बनाया है. शीर्षक है: गरीबों को 72 हजार व 10 रुपये में लुंगी-साड़ी योजना पर जोर. अखबार के अनुसार, बजट में चुनाव के लोकलुभावना घोषणाओं को अमल में लाने की कोशिश की जाएगी. यह खबर है कि आज अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुर्हूत का एलान किया जाएगा. यह खबर दिल्ली में आज नवगठित ट्रस्ट की पहली बैठक को लेकर है. ट्रस्ट के उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष का नाम भी तय किया जाएगा. यह खबर है कि वकीलों की हड़ताल के कारण राज्य में 20 हजार मामलों की सुनवाई कल टल गयी. वहीं, यह खबर ध्यान खींचती है कि इंटरनेट के बुरे अनुभव का शिकार हर तीसरा किशोर है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More