झारखंड में भाजपा के विधायक दल का नेता चुनेंगे ये केंद्रीय पर्यवेक्षक

नयी दिल्ली : बाबूलाल मरांडी के भाजपा में शामिल होने के अगले ही दिन आज पार्टी ने सूबे में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया. पार्टी ने महासचिव व सांसद सरोज पांडेय व पार्टी नेता मुरलीधर राव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. झारखंड विधायक दल का नेता चुनने के लिए इनके नामों पर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुहर लगायी.

ये दोनों नेता जल्द रांची में पार्टी के विधायकों के साथ बैठक करेंगे और उसमें तमाम पक्षों पर विचार के बाद विधायक दल के नेता का चयन करेंगे. इस बात के बेहद पुख्ता संकेत हैं कि बाबूलाल मरांडी भाजपा विधायक दल के अगले नेता चुने जा सकते हैं. इसकी दो वजह है एक अर्जुन मुंडा केंद्रीय मंत्री हैं, जबकि रघुवर दास चुनाव हार चुके हैं. वहीं, कड़िया मुंडा का किसी सदन में प्रतिनिधित्व नहीं है. अमित शाह ने मरांडी सहित इन्हीं नेताओं के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा के आगे बढने व काम करने की बात कही. ऐसे में मरांडी का रास्ता अधिक साफ है.

दूसरी बात यह कि पार्टी पिछले पौने दो महीने में मौजूदा विधायकों में से किसी को नेता नहीं चुना, इससे यह धारणा मजबूत हुई कि मरंाडी को ही यह जिम्मेवारी दी जा सकती है. विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में पार्टी जल्द ही नेता चयन की औपचारिकता पूरी कर लेगी.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More