बिहार : नीतीश कुमार ने मंत्रियों को बांटे विभाग, फिर गृह रखा खुद के पास, जानें पूरा ब्यौरा

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी नयी सरकार के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है. बिहार में सबसे अधिक संवेदनशील माने जाने वाले गृह विभाग को नीतीश कुमार ने खुद के पास रखा है. हालांकि इस विभाग को भाजपा भी खुद के लिए चाहती थी, लेकिन नीतीश इसे खुद के पास रखने में कामयाब हो गए. इसके साथ ही उन्होंने निगरानी व सामान्य प्रशासन विभाग खुद के पास रखा है.
नीतीश कुमार के कैबिनेट में चूंकि अभी 15 ही सदस्य शामिल हुए हैं, ऐसे में मंत्रियों को दो-तीन अहम विभाग सौंपे गए हैं. हालांकि आने वाले दिनों में जब कैबिनेट का एक बार फिर विस्तार होगा तो नए सिरे से विभागों का बंटवारा कर उसमें संतुलन बनाने का प्रयास किया जाएगा.
नीतीश कुमार ने भाजपा ने कोटे के नए उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को वित्त, वाणिज्य व पर्यावरण विभाग सौंपा है. पूर्व की एनडीए सरकार में भी भाजपा कोटे से डिप्टी सीएम बनने वाले सुशील कुमार मोदी ही वित्त विभाग संभालते रहे हैं. वहीं, कैबिनेट में वरिष्ठता में तीसरे नंबर पर व भाजपा कोटे की एक और डिप्टी सीएम रेण देवी को महिला कल्याण, पंचायती राज और उ़द्योग विभाग सौंपा गया है.
विजेंद्र यादव को फिर ऊर्जा विभाग दिया गया है, जबकि इसके साथ ही उन्हें उत्पाद व निबंधन विभाग दिया गया है. .मेवालाल चौधरी को. शिक्षा विभाग व कल्याण विभाग की जिम्मेवारी दी गयी है. पहली बार मंत्री बनीं शीला कुमारी को परिवहन विभाग की जिम्मेवारी दी गयी है. जीतन राम मांझी के बेटे संतोष मांझी को लघु जल सिंचाई विभाग दिया गया है.
मंगल पांडेय को फिर से स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है. अशोक चौधरी को फिर भवन निर्माण विभाग दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का जिम्मा दिया गया है. वीआइपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी पशुपालन व मत्स्य मंत्री बनाए गए हैं. जीवेश मिश्रा को पर्यटन विभाग सौंपा गया है.


