नीतीश की नई सरकार में 15 चेहरे, भाजपा से सिर्फ मंगल पांडेय हुए रिपीट, सुमो ने साधी चुप्पी

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के बाद सोमवार को नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार बन गयी. इसमें मुख्यमंत्री सहित 15 मंत्री शामिल किए गए हैं. भाजपा कोटे से पार्टी ने इस बार सिर्फ मंगल पांडेय को रिपीट किया गया है. बाकी उसके कोटे से छह नए चेहरे हैं. भाजपा कोटे से उपमुख्यमंत्री बनाए गए तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी भी नीतीश कुमार की पिछली सरकार में शामिल नहीं थे.

 

भाजपा ने अपने कोटे से नए चेहरों को कैबिनेट में भेज कर पार्टी व राज्य में नए चेहरे व नए नेतृत्व को उभारने का संकेत दिया है. भाजपा ने इस बार सुशील कुमार मोदी, नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार जैसे बड़े चेहरों को कैबिनेट में नहीं भेजा है.

सुशील मोदी पर बोले नीतीश कुमार, पर चुप रहे सुमो 

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सुशील कुमार मोदी की कैबिनेट में कमी उन्हें खलेगी. उन्होंने कहा कि यह भाजपा की फैसला है कि उनकी ओर से कौन कहां रहेगा. उन्होंने मीडिया से कहा कि सुशील कुमार मोदी के कैबिनेट में नहीं होने का सवाल भाजपा से पूछना चाहिए. नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास के लिए नयी टीम के साथ बेहतर काम करेगी.

 

उधर, सुशील कुमार मोदी आज शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए, लेकिन खुद को कैबिनेट में शामिल नहीं किए जाने पर मीडिया की तमाम कोशिश पर कुछ नहीं बोले.

देवेंद्र फडणवीस सुशील मोदी पर क्या बोले 

भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि कैबिनेट का फिर विस्तार होगा तो और चेहरे शामिल जाएंगे और हमारी पार्टी नए चेहरों को महत्व देती है. देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सुशील कुमार हमारे वरिष्ठ व सुलझे हुए नेता हैं, उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में अच्छा काम किया है. उन्होंने कहा है कि सुशील मोदी की काबिलियत को देखते हुए पार्टी उन्हें नयी भूमिका देगी. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नए रूप में बिहार की सरकार नयी ताकत देगी. उन्होंने दो उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर कहा कि हम महिलाओं को बढावा देते हैं और इसलिए बिहार में पहली बार हमने महिला उपमुख्यमंत्री रेणु देवी को बनाने का निर्णय लिया.

 

 

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More