बिहार : दिवंगत दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह भाजपा में होंगी शामिल, अंग क्षेत्र में एनडीए को होगा लाभ

Shooter Shreyasi Singh Join BJP

पटना (Patna) : बिहार विधानसभा चुनाव (Bihhar Election 2020) को लेकर दल-बदल और पार्टियों में शामिल होने का दौर जारी है. इसी की एक कड़ी के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री व बिहार के बड़े समाजवादी नेता रहे दिवंगत दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह भाजपा में शामिल होंगी. श्रेयसी सिंह खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं.

वे शूटर हैं और इस क्षेत्र में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और राष्ट्रपति से भी सम्मानित हो चुकी हैं. श्रेयसी सिंह के भाजपा में शामिल होने के साथ ही यह तय है कि वे विधानसभा चुनाव भी लड़ेंगी. वे बांका या जमुई जिले की किसी सीट से चुनाव लड़ सकती हैं.

दिग्वियज सिंह चंद्रशेखर और अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री थे. वे बांका के कई बार सांसद व राज्यसभा के सदस्य भी रहे. जदयू के पुराने संस्करण समता पार्टी के तीन संस्थापकों में एक दिग्विजय सिंह थे. 1994 में जार्ज फर्नांडीस, नीतीश कुमार व दिग्विजय सिंह ने मिल कर लालू प्रसाद यादव के खिलाफ बिहार की राजनीति में समता पार्टी की नींव रखी थी.

हालांकि बाद के दिनों में उनके नीतीश कुमार से मतभेद हो गए. 2009 के लोकसभा चुनाव में दिग्विजय सिंह का उनकी सीटिंग सीट बांका से टिकट काट दिया गया, जिसके बाद वे निर्दलीय लडकर जीते. हालांकि इसके अगले ही साल उनका निधन हो गया. उनके निधन के बाद उनकी पत्नी पुतुल कुमारी बांका से चुनाव लड़ कर जीतीं लेकिन बाद में हार गयीं.

श्रेयसी सिंह के भाजपा में शामिल होने से बिहार के अंग क्षेत्र जिसमें भागलपुर, मुंगेर, बांका व जमुई आदि जिले आते हैं, वहां भाजपा को लाभ होगा. इस इलाके में दिग्विजय सिंह का व्यापक प्रभाव रहा है.

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More