रांची के अखबारों की सुर्खियां : सीएए पर कांग्रेस अड़ी, रघुवर के निर्वाचन क्षेत्र के भाजपाई भिड़े, एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

रांची : रांची के प्रमुख अखबारों ने आज पहले पन्ने पर अलग-अलग खबरों को जगह दी है. प्रभात खबर ने जहां स्थानीय खबर को लीड बनाया है, वहीं हिंदुस्तान व दैनिक जागरण ने संशोधित नागरिकता कानून से संबंधित खबर को लीड में छापा है, हां दोनों अखबारों का एंगल जरूर अलग है. वहीं, दैनिक भास्कर आज फिर विशेष आयोजन के साथ अपने पाठकों के पास आया है.
प्रभात खबर ने आज लीड खबर दी है : 1.18 लाख बच्चे किताब पढे बिना देंगे परीक्षा. यह खबर आठवीं की बोर्ड परीक्षा के संबंध में है. 5.14 लाख बच्चों को 24 तारीख से आठवीं बोर्ड की परीक्षा देनी है. इनमें सरकारी व निजी दोनों स्कूलों के बच्चे हैं. इनमें 1.18 लाख निजी स्कूलों के बच्चे हैं. सरकारी स्कूलों के बच्चों को किताब सरकार की ओर से दिया गया है, लेकिन निजी स्कूल के बच्चों को पुस्तक नहीं मिली है, फिर भी उन्हें परीक्षा में शामिल होना होगा. अखबार ने लिखा है कि राज्य सरकार किताब तो लेती है, लेकिन न ही स्वयं और न ही बाजार के माध्यम से उपलब्ध कराती है. सीएम हेमंत सोरेन ने मुख्य सचिव डीके तिवारी को यह निर्देश दिया था कि बिजली न कटे, इसके मद्देनजर उन्होंने अधिकारियों की कल बैठक ली. इसे अखबार ने प्रमुखता से छापा है. अखबार ने खबर दी है कि कुछ दिन साफ रहेगा मौसम, फिलहाल बारिश की संभावना नहीं. हालांकि ठंड बढने के आसार होगा. आस्ट्रेलिया को हराकर भारत ने वन डे मैच का सीरीज 2-1 से जीत लिया. अखबार ने संक्षेप में खबर दी है कि प्रधानमंत्री आज परीक्षा पर चर्चा करेंगे और अभिनेत्री शबाना आजमी की हालत स्थिर है और उन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया है.
प्रभात खबर के पहले पन्ने की एक तसवीर ध्यान खींचती है. यह तसवीर है सीएम हेमंत सोरेन, पूर्व सीएम रघुवर दास व सांसद अन्नपूर्णा देवी की. तीनों एक ही विमान से रांची जा रहे हैं और अगल-बगल बैठे हैं. झाविमो के संभावित विलय के संबंध में खबर है कि भाजपा-कांग्रेस में शह-मात का खेल चल रहा है और प्रदीप यादव व बंधु तिर्की कांग्रेस हाइकमान के संपर्क में बने हुए हैं. छात्र नेता उमर खालीद सीएए व एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रांची आए थे और उन्होंने इन्हें काला कानून बताया है. यह खबर भी अंदर के पन्ने पर है. पतरातू डैम खुलने के बाद उसमें पर्यटकों के उमड़ने की खबर भी अखबार ने दी है.
हिंदुस्तान ने लीड खबर दी है : सीएए लागू नहीं करने पर अड़े कांग्रेस शासित राज्य. अखबार ने लिखा है कि नागरिका संशोधन कानून के खिलाफ विरोध और तेज हो गया है. कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह अपने शासन वाले राज्यों मंें इसे लागू नहीं करेगी, साथ ही अन्य विपक्षी दलों से साथ आने की अपील की है. अखबार ने खबर दी है कि आज सीएम हेमंत सोरेन दिल्ली में चैंपियन आॅफ चेंज अवार्ड लेंगे. अखबार की खबर है: राजधानी में बिजली कटौती तत्काल बंद करने का निर्देश. राष्ट्रीय स्कूल तीरंदाजी में झारखंड के पांच स्वर्ण जीतने की खबर भी अखबार में है. बिहार में हरियाली के लिए बनायी गयी मानव श्रृंखला की तसवीर भी अखबार ने दी है. वहीं, कार्बेट पार्क में शिकार के लिए दो बाघों के बीच जंग की एक खूबसूरत तसवीर पहले पन्ने पर अखबार ने छापी है. भाकपा माओवादी के दो नक्सलियों के सिमडेगा में समर्पण की खबर भी अखबार ने दी है.
दैनिक भास्कर के कवर पेज पर आज भी विशेष आयोजन है. अखबार ने ऐसा अपने नो निगेटिव मनडे अभियान के पांच साल पूरा होने पर किया है. इसमें परिवार का महत्व बताया है. अखबार ने टाॅप स्टोरी दी है: परिवार को वक्त देना शुरू करें जीवन से निगेटिविटी का अंत होगा, खुशियां आएंगी. बिल गेट्स से जुड़ा एक आलेख है, जिसमें वे कहते हैं: अक्सर हम परिवार को अहमियत नहीं देते हैं और बाद में पछतावा होता है. अखबार ने कर्नाटक के एक परिवार की स्टोरी छापी है, जिसमें सात पीढियों से बंटवारा नहीं हुआ है. शीर्षक है: 140 सदस्यों के इस परिवार में मुसीबतें नहीं टिकतीं, लोग इनसे सीखने आते हैं, हर साल इन पर 20 रिसर्च.
दैनिक जागरण ने लीड खबर दी है : सीएए पर अमल की तैयारी. अखबार ने लिखा है कि गैर भाजपा शासित राज्यों के विरोध को देखते हुए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया रखी जाएगी और सरकार विरोधों के बावजूद इसे लागू करेगी. अखबार ने बिहार की मानव श्रृंखला की तसवीर पहले पन्ने पर दी है और भारत के वनडे जीतने की खबर संक्षेप में दी है. अखबार ने लिखा है कि रांची की लचर बिजली व्यवस्था से मुख्यमंत्री नाराज हुए. जमशेदपुर से एक खबर है कि रघुवर के वनभोज में भिड़े भाजपाई, जमकर चले लाठी-डंडे व राॅड. खबर के अनुसार, रविवार को जमशेदपुर पूर्वी में भाजपा कार्यकर्ताओं का वनभोज सह मिलन कार्यक्रम था, जिसमें दो गुटों में तू-तू, मैं-मैं हो गयी और वापसी के समय साकची शीतला मंदिर के निकट जमकर दोनों गुटों में मारपीट हुई. दोनों गुटों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इसमें शंकर प्रसाद नामक एक व्यक्ति का सिर फट गया, जिन्हें 13 टांके लगे. अखबार ने खबर दी है कि प्रदीप यादव व बंधु तिर्की पर कांग्रेस की नजर है और वे सोनिया गांधी व राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे. अखबार ने पतरातू के संबंध में खबर दी है कि हंगामा मचने के बाद आइएएस वाइव्स एसोसिएशन की पिकनिक रद्द हो गयी. अखबार ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर मिलने वाली छुट्टी के 2015 से बंद होने के कारणों की पड़ताल का भी प्रयास किया है.


