सीएए: सीतारमण का बयान, 6 सालों में मिली 3924 शरणार्थियों को नागरिकता

चेन्नई: जहाँ एक ओर सीएए विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, वहीँ दूसरी ओर केंद्रीय वित्तमंत्री सीतारमण का एक बड़ा बयान सामने आया है। दरअसल, उन्होंने रविवार को चेन्नई में भाजपा की जन जागरण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए नागरिकता कानून के पक्ष में बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से किसी की नागरिकता छीनना नहीं, बल्कि नागरिकता प्रदान करना है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कानून का मकसद सिर्फ लोगों की जिंदगी को बेहतर करना है। वित्तमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले 50-60 सालों से पाकिस्तान, बांग्लादेश एवं अन्य पडोसी देशों से आये लोग, जो कि शरणार्थी शिविरों में जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं, उनकी स्थिति काफी दयनीय है। वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। इसलिए यह नागरिकता संशोधन अधिनियम लोगों को बेहतर जीवन प्रदान करने का एक प्रयास है।

उन्होंने कहा कि पिछले छः सालों में 2838 पाकिस्तानी शरणार्थियों, 948 अफगानी शरणार्थियों, 172 बांग्लादेशी शरणार्थियों को भारत की नागरिकता दी गई है, जिनमें मुस्लिम भी शामिल है। इसके अलावा वर्ष 1964 से वर्ष 2008 तक चार लाख से अधिक तमिलों (श्रीलंका) को नागरिकता दी गयी है। साथ ही वित्तमंत्री ने यह भी उदहारण दिया कि 2016 के दौरान गायक अदनान सामी तथा लेखिका तस्लीमा नसरीन को भी नागरिकता प्रदान की गयी। इस उदाहरण से उन्होंने यह दलील दिया कि इससे यह साबित होता है कि सरकार के ऊपर लगे सारे आरोप गलत हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More