जेएनयू के वीसी को हटाने की मांग हुई तेज, सरकार ने किया इनकार, मुरली मनोहर जोशी भी बोले

नयी दिल्ली : पांच जनवरी को जेएनयू परिसर में हुई हिंसा के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति एम जगदीश कुमार को पद से हटाने की मांग तेज हो गयी है. हमले में घायल हुईं जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष ने कहा है कि जब तक विश्वविद्यालय के कुलपति को नहीं हटाया जाता हे तब तक समस्या का समाधान नहीं होगा. उन्होंने कहा कि इसके बिना स्टूडेंट और फैकेल्टी नरम नहीं पड़ेंगे. मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने यह बयान दिया है. वहीं, मानव संसाधन विकास विभाग के सचिव अमित खरे ने कहा है कि कुलपति को पद से हटाना समस्या का समाधान नहीं है.

अमित खरे ने कहा कि मंत्रालय के अधिकारी कुलपति से शुक्रवार को छात्रों के उन दावों को लेकर बात करेंगे जिनमें कहा गया है कि रिवाइज्ड फीस को लागू नहीं किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कुलपति से मिलने के बाद मंत्रालय के अधिकारी स्टूडेंट यूनियन से मुलाकात करेंगे. छात्रों ने आज एचआरडी मंत्रालय की ओर प्रदर्शन भी किया.

वहीं, भाजपा के मार्गदर्शक मंडल में शामिल पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री डाॅ मुरली मनोहर जोशी ने कुलपति एम जगदीश कुमार के रवैये पर आश्चर्य जारी किया है. उन्होंने कहा है कि आश्चर्य की बात है कि उन्होंने मानव संसाधन विभाग के उन प्रस्तावों पर कोई पहल नहीं की जिसमें बढे हुए फी के समाधान का मार्ग तलाशने का प्रस्ताव था. उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दो बार ऐसी सलाह व प्रस्ताव मिले. उन्होंने कहा कि मेरे ख्याल से कुलपति को अब पद पर नहीं बने रहना चाहिए.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More