रांची के अखबारों की सुर्खियां : बाबूलाल के कदम का विरोध, हेमंत छोड़ेंगे बरहेट सीट, अन्य खबरें

रांची : रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों ने आज अलग-अलग खबर को सुर्खी बनाया है. प्रभात खबर ने कांके में कांग्रेस नेता मदन महतो पर हमले की खबर को लीड बनाया है. रविवार को कांके के लक्ष्मण महतो चैक पर दावेदारी को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गयी और इसी दौरान मदन महतो पर फरसे से वार कर दिया. प्रभात खबर ने रिम्स की अव्यवस्था को टाॅप बाॅक्स स्टोरी बनाते हुए शीर्षक दिया है: रिम्स के कई डाॅक्टर निजी अस्पतालों में देते हैं सेवा, चेक से लेते हैं पैसा. अखबार ने लिखा है कि खुलेआम रिम्स के कई डाॅक्टरों के क्लिनिक चल रहे हैं और विजिलेंस टीम इनका नोटिस नहीं लेती है. संताल के दौरे पर गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान है: पारा शिक्षक, सहायिका व युवा धैर्य रखें.
प्रभात खबर ने पहले पन्ने पर खबर दी है कि आज से झारखंड विधानसभा का तीन दिन का सत्र चलेगा, जिसमें स्पीकर के चयन व नव निर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वहीं, बाबूलाल मरांडी द्वारा अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा की कार्यकारिणी भंग किए जाने से विवाद उत्पन्न हो गया. मरांडी के इस कदम को उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना से जोड़ कर देखा जा रहा है. मरांडी के इस कदम का पार्टी के दो प्रमुख नेताओं प्रदीप यादव एवं बंधु तिर्की ने विरोध किया है. माना जा रहा है कि मरांडी के भाजपा में शामिल होने के बाद ये भी दूसरी राह पकड़ सकते हैं. बिहार के डुमरांव से खबर है कि प्रथम लोकसभा के सदस्य रहे महाराजा कमल सिंह का निधन हो गया है.
हिंदुस्तान ने खबर दी है कि झारखंड की पांचवी विधानसभा का पहला सत्र आज से आरंभ होगा. इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए आज नामांकन भरा जाएगा. अखबार ने एक खबर दी है कि राज्य के तीन जिलों में 10 उग्रवादी गिरफ्तार किए गए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान है कि राज्य में भ्रष्टाचार करने वाले जेल जाएंगे. कांके में दो गुटों की भीड़ंत को इस अखबार ने भी लीड खबर बनाया है. वहीं, जेएनयू कांड को भी पहले पन्ने पर जगह दी गयी है. अखबार ने लिखा है कि जेएनयू में नकाबपोशों ने लाठी-डंडे से हमला किया जिसमें कई टीचर-स्टूडेंट घायल हो गए. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सबसे बड़े हमले की धमकी दी है. उधर, अपने पक्ष में फैसला आने के बावजूद साइरस मिस्त्री ने कहा है कि वे टाटा संस के चेयरमैन का पद नहीं लेंगे. आयकर के फार्म में बदलाव की खबर भी पहले पन्ने पर है.
दैनिक भास्कर ने लीड खबर दी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट की सीट छोड़ेंगे और वहां से पत्नी कल्पना सोरेन को चुनाव लड़ा सकते हैं. मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा है कि उनका दुमका से आत्मीय लगाव है और यहीं उनका बचपन बीता है. अखबार ने लिखा है कि आज विधायक के रूप में शपथ लेने से पहले उन्हें एक सीट छोड़ने का फैसला लेना होगा. मालूम हो कि हेमंत सोरेन दोनों सीटों से चुनाव लड़ कर विजयी हुए थे, जबकि 2014 में भी वे दोनों सीटों से लड़े थे, लेकिन दुमका से हारे थे व बरहेट से जीते थे. इस अखबार ने खबर दी है कि एक साल में रिम्स में 1150 बच्चों की मौत हो गयी. अखबार ने हेडिंग दी है कि 20 रुपये के प्लग के लिए लिए रिम्स की वार्मर मशीन बंद है, लाखों में खरीदी गयी वेंटिलेटर मशीनें तो सालों से इस्तेमाल ही नहीं की गयी हैं. अखबार ने लिखा है कि दो दिन बाद फिर मौसम बदलेगा और आठ जनवरी से 11 जनवरी के बीच झारखंड में बारिश हो सकती है. अखबार ने आज से झारखंड विधानसभा के सत्र चलने के साथ ही यह खबर दी है कि साल का पहला चंद्रग्रहण 10 जनवरी को लगेगा.
दैनिक जागरण ने लीड खबर दी है : झारखंड विधानसभा का सत्र आज से, नहीं होगा विपक्ष का कोई नेता. अखबार ने लिखा है कि 14 जनवरी के बाद ही भाजपा विधायक दल का नेता चुनेगी. अखबार ने लिखा है कि बाबूलाल मरांडी ने अपनी पार्टी की कार्यसमिति भंग कर दी है और उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं. संताल के दौरे पर गए हेमंत सोरेन का बयान है कि सूबे के हालात पर श्वेत पत्र जारी करेंगे. वहीं, अखबार ने खबर दी है कि निजी प्रैक्टिस करने वाले रिम्स के 50 डाॅक्टरों की सूची तैयार की गयी है. अखबार ने जेएनयू की घटना को ब्रीफ में जगह दी है. साथ ही रामगढ में ठंड से दो लोगों की मौत की खबर भी दी है.


